लखनऊ गोमती नगर के सेंट जोजफ अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती महिला की जांच में उसके पेट में रुई का टुकड़ा नजर आया। इसके बाद डांक्टरों ने दोबारा सर्जरी कर उसकी जान बचाई है। सेंट जोजफ हॉस्पिटल के चिकित्सों के अनुसार, सिटी स्कैन जांच में महिला के पेट में रुई का टुकड़ा देखकर वह दंग रह गए।
इसके बाद आनन-फानन उसकी सर्जरी प्लान की गई। वहीं परिवारीजनों का आरोप है कि इससे पूर्व उन्होंने फैजाबाद के एक निजी अस्पताल में मरीज को भर्ती कराया था, जहां आपरेशन के दौरान डॉक्टर ने रुई का टुकड़ा छोड़कर पेट में टांके लगा दिए थे। इसके कुछ दिन बाद ही संक्रमण होने से हालत बिगड़ गई।
मामले का खुलासा होने पर परिवारीजनों ने सीएमओ से शिकायत की , जिसके बाद जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। बस्ती गौरा पांडेयगंज निवासी संतोष पांडेय ने बताया कि उनकी पत्नी मधुलिका (26) की बच्चेदानी की ट्यूब फट गई थी। इस पर आनन-फानन एक अक्तूबर को मरीज को फैजाबाद के लोकप्रिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोप है यहां डॉक्टर प्रियंका खरे ने ऑपरेशन किया। परिवारीजनों की मानें तो ऑपरेशन के दौरान मधुलिका के पेट में रुई का बड़ा टुकड़ा छोड़कर डॉक्टर ने टांके लगा दिए। कुछ दिन बीतने बाद मधुलिका के पेट में दर्द हुआ तो वह फिर डॉ. प्रियंका खरे के पास पहुंची। इस पर डॉक्टर ने दवा लिख दी मगर कोई फायदा नहीं हुआ। संक्रमण की वजह से मधुलिका को असहनीय दर्द शुरू हो गया।