फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: ट्रक में 100 की रफ्तार से घुसी कार, छात्र की मौत, चार रिश्तेदार घायल

Mon, 11 Nov 2024 03:10 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
हादसे में आयुष दीपक की मौत हो गई। - फाइल फोटो
विज्ञापन
लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के रेवरी टोल प्लाजा पर शनिवार रात 100 किमी. प्रतिघंटे की रफ्तार से कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में छात्र के सिर में गंभीर चोटें आने से उसकी मौत हो गई और चार रिश्तेदार घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, हादसे में जिस युवक की मौत हुई है रविवार को उसकी बहन की शादी थी। इससे शादी वाले घर में मातम छा गया।
विज्ञापन


पारा के डॉक्टर खेड़ा निवासी हरदोई जिले के कृषि विभाग में तैनात फार्म मैनेजर महेंद्र नाथ परिवार संग रहते हैं। बेटा आयुष दीपक (24) बीकॉम के बाद प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। शनिवार देर रात आयुष, चार रिश्तेदार बलिया निवासी गुलशन, रजनीश, मामा विवेक व राकेश के साथ कार से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के रेवरी टोल प्लाजा के पास मैगी खाने गए थे। लौटते वक्त 296 माइल स्टोन के पास आयुष की कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।


हादसे की सूचना पर काकोरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस व यूपीडा के कर्मचारियों ने कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला और ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने आयुष को मृत घोषित कर दिया। इसी बीच रिश्तेदार ट्रामा सेंटर पहुंच गए। आयुष के परिवार में मां वंदना व बड़ी बहन वर्षा हैं। डॉक्टर ने बताया कि घायल विवेक का दाहिना पैर फ्रैक्चर हुआ है। रजनीश के पैर, राकेश के चेहरे पर चोटें आई हैं। गुलशन का बायां हाथ टूट गया है।
विज्ञापन



बहन की शादी के चलते नहीं दी गई थी मौत की सूचना

आयुष की बहन वर्षा की रविवार को शादी थी। घर में रिश्तेदार भी आ चुके थे। सभी शादी की तैयारी में जुटे थे। घर में वैवाहिक कार्यक्रम चल रहे थे। तभी आयुष, चार रिश्तेदारों को कार से मैगी खिलाने के लिए निकला था। एक घंटे बाद हादसे की खबर घर पहुंची तो सब सन्न रह गए। रिश्तेदार ट्रामा सेंटर पहुंचे तो उन्हें आयुष की मौत की जानकारी मिली। लोगों ने यह सूचना आयुष के माता-पिता, बहन को नहीं दी। बस ये बताया कि आयुष घायल है इलाज चल रहा है।

बुद्धेश्वर मंदिर में कराई गई शादी, विदाई के बाद उठी अर्थी
वर्षा के भाई की मौत की खबर ससुराल वालों को रिश्तेदारों ने दे दी थी। इसके बाद दोनों परिवारों के बुजुर्गों ने मंदिर में शादी कराने का निर्णय लिया। रविवार सुबह बुद्धेश्वर मंदिर में वर्षा की शादी कराई गई। इसके बाद वर्षा, मां वंदना व पिता महेंद्र नाथ को आयुष की मौत की खबर दी गई। इससे सभी बेसुध हो गए। रिश्तेदारों ने उन्हें संभाला। शादी के बाद बहन की विदाई की गई, इसके बाद भाई की अर्थी उठी।

शव घर पहुंचा तो सभी की आंखें हो गईं नम

आयुष की मौत खबर पाकर मोहल्ले वाले भी उनके घर पहुंच गए। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो सभी की आंखें नम हो गईं। करीब 10 मिनट तक आयुष का शव घर में रखा रहा। इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले गए।

ओवरस्पीड बनी हादसे की वजह

रेवरी टोल प्लाजा के पास हुए हादसे में असल वजह ओवरस्पीड थी। यह कहना है कि काकोरी पुलिस का। इंस्पेक्टर काकोरी नवाब अहमद ने बताया कि आयुष, दोस्त रिंकू की कार से चार रिश्तेदारों के साथ मैगी खाकर घर लौट रहे थे। कार आयुष चला रहे थे। कार की रफ्तार 100 किमी. प्रतिघंटे से अधिक थी। आशंका है कि कार चालक को अचानक झपकी आई और आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इंस्पेक्टर ने बताया कि कार का आगे का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया था।

इकलौता बेटा था आयुष

आयुष इकलौता बेटा था। रिश्तेदारों ने बताया कि शनिवार रात 10 से एक बजे तक घर में मेहंदी की रस्म थी और सभी ने डीजे पर रिश्तेदारों के साथ खूब डांस किया था। लोगों ने बताया कि आयुष सभी का दुलारा था और हमेशा हंसते रहता था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें