लखनऊ। इंदिरानगर निवासी महिला अधिवक्ता ने कार सवार पर उनका करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने गाजीपुर थाने में रविवार को एफआईआर दर्ज कराई है।
अधिवक्ता के अनुसार, 26 सितंबर की शाम करीब सात बजे वह पॉलीटेक्निक से कमता की ओर पैदल जा रही थीं। तभी एक युवक सफेद कार से उनका पीछा करने लगा। कार पर पुलिस लिखा था। आरोपी बार-बार कार में बैठने का दबाव बना रहा था। मना करने के बावजूद उसने पीछा जारी रखा। डरकर उन्होंने 1090 पर सूचना दी और घर पहुंचकर परिजनों को घटना के बारे में बताया। इंस्पेक्टर राजेश मौर्या ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कार को चिह्नित किया जा रहा है।