लखनऊ। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास जन्मदिन की पार्टी मना रहे बर्फ कारोबारी आशीष (30) को स्टंट कर रही बिना नंबर की कार ने कुचल दिया।
गंभीर रूप से जख्मी कारोबारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पीड़ित ने मामले में तहरीर नहीं दी है।
अलीगंज के मेहंदीगंज इलाके में कारोबारी आशीष परिवार संग रहते हैं। उनके दोस्त मोहित ने बताया कि शुक्रवार को आशीष साथियों संग जन्मदिन की पार्टी मनाने जनेश्वर मिश्र पार्क गए थे।
इस बीच बिना नंबर की सफेद रंग की कार में सवार चालक खतरनाक ढंग से स्टंट कर रहा था। यह देख आशीष और उसके साथी किनारे हट गए।
इस बीच चालक ने अचानक रफ्तार में कार को बैक किया तो टक्कर लगने से आशीष गिर पड़े। मोहित के अनुसार, यह देख वह साथियों के साथ कार चालक की तरफ भागे तो आशीष को कुचलते हुए आरोपी भाग निकला।
एडीसीपी पूर्वी अली अब्बास ने बताया कि शनिवार को गोमतीनगर विस्तार पुलिस की एक टीम ने अस्पताल पहुंचकर आशीष और उसके साथ मौजूद दोस्तों से घटना के संबंध में जानकारी ली। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।