लखनऊ। बीबीडी स्थित मर्सिडीज शोरूम के पास शनिवार देर रात अचानक ट्रक ने यू-टर्न लिया और पीछे से आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार राहुल वर्मा (25) की मौत हो गई, जबकि उनके साथी अभिजीत व रजी घायल हो गए। राहुल के भाई अमित कुमार ने बीबीडी थाने में केस दर्ज कराया है।
मदेयगंज के रूपपुर खदरा निवासी अमित के अनुसार शनिवार रात भाई राहुल दोस्त अभिजीत, रजी, अभिराय व अमान के साथ अयोध्या हाईवे स्थित कालिका रेस्टोरेंट दो कार से बर्थडे पार्टी में गए थे। देर रात करीब तीन बजे वे लोग लौट रहे थे। एक कार में अभिजीत, राहुल व रजी थे, जबकि दूसरी कार में अभिराय और अमान थे। अभिजीत कार चला रहे थे और उनके बगल में राहुल बैठे थे। मर्सिडीज शोरूम के पास आगे चल रहे ट्रक ने यू टर्न लिया और अभिजीत की कार अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गई। हादसा देख दूसरी कार सवार साथी रुक गए और राहुल, अभिजीत और रजी को प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक का पता लगाया जा रहा है।
10 अक्तूबर को दुकान खोलने वाला था राहुल
राहुल के बड़े भाई अमित ने बताया कि परिवार में पिता भगवती प्रसाद व मां राधिका देवी हैं। राहुल ने रामस्वरूप इंस्टीट्यूट से बीटेक थर्ड ईयर करने के बाद छोड़ दिया था। उसके बाद हरदोई के संडीला के कॉलेज से बीएससी किया था। 10 अक्तूबर को वह अलीगंज में स्पोर्ट्स की दुकान खोलने वाला था।
राहुल वर्मा की फाइल फोटो।