गोरा बाजार स्थित ट्रांसफार्मर से टकराई अनियंत्रित कार।
- फोटो : संवाद
रायबरेली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गोरा बाजार स्थित आईटीआई कॉलेज के पास सोमवार की देर रात तेज रफ्तार कार सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर में जा घुसी। इससे कार सवार दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बिजली बंद हो गई। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। घायलों को अस्पताल में इलाज कराया गया।
आईटीआई कॉलेज के पास लगे 100 केवीए ट्रांसफार्मर से करीब 200 उपभोक्ताओं को बिजली मिलती है। सोमवार की रात करीब ढाई बजे परशदेपुर की तरफ से आ रही कार बेकाबू होकर सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चबूतरा ध्वस्त हो गया। ट्रांसफार्मर कार के ऊपर गिर गया। हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ट्रांसफार्मर गिरने से आसपास के घरों की बिजली गुल हो गई। इस ट्रांसफार्मर से जुड़े उपभोक्ताओं के घरों की बिजली रातभर गुल रही। हादसे में कार सवार प्रतापगढ़ जिले के सांगीपुर निवासी मंजीत कुमार, उसकी पत्नी और एक युवक को चोट आई। पुलिस ने पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल में इलाज कारया। अवर अभियंता मुलायम यादव ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।