सरोजनीनगर। किसान पथ पर रविवार शाम बाइक और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर से बाइक सवार दो दोस्त विनीत (22) और सोनू (17) दस फीट ऊपर उछलकर सड़क पर गिरे। दोनों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों की मौत हो गई।
मूल रूप से बिहार निवासी विनीत और सोनू सरोजनीनगर के नटकुर के पास दाना कंपनी में मजदूरी करते थे। रविवार शाम करीब पांच बजे दोनों बाइक से सरोजनीनगर में दरोगाखेड़ा के पास किसान पथ से नीचे उतरकर कानपुर रोड की ओर आ रहे थे। बाइक विनीत चला रहे थे। इस दौरान कानपुर रोड से किसान पथ के ऊपर चढ़ रही तेज रफ्तार कार की सामने से विनीत की बाइक से टक्कर हो गई। अनियंत्रित होकर कार सामने आ रही दूसरी कार से भी टकरा गई। हालांकि, कार सवार बच गए।
हादसे के बाद आरोपी कार चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक सवारों कोे सरोजनीनगगर सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने दोनों को लोकबंधु अस्पताल रेफर कर दिया। लोकबंधु अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने विनीत को मृत घोषित कर दिया। सोनू को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर पहुंचते ही चिकित्सकों ने सोनू को भी मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति ने बताया कि कार नंबर की मदद से चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
परिवार में मचा कोहराम
सड़क हादसे में विनीत और सोनू की मौत की खबर घर पहुंची तो दोनों के घर में कोहराम मच गया। विनीत के पिता धीरेंद्र पाल, मां अति सुंदरी, दो छोटे भाई और दो बहनें हैं। वह परिवार के साथ बिजनौर के नई बस्ती नटकुर इलाके में किराये पर रहते थे। वहीं, सोनू के परिवार में पिता राजगीर शंभू प्रसाद, दो छोटे भाई मोनू और रौनक हैं।
सोनू की फाइल फोटो।
सोनू की फाइल फोटो।