हनुमान जयंती पर हनुमान सेतु मंदिर में उमड़े भक्त
लखनऊ। हनुमान जयंती पर शनिवार को राजधानी के मंदिरों में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कहीं बजरंगबली का पंचामृत से अभिषेक हुआ तो कहीं सिंदूर का चोला चढ़ाकर भव्य शृंगार किया गया। लड्डू, गुड़-धनिया, मालपुआ और हलवा-पूड़ी का भोग लगाया गया। सुंदरकांड के पाठ, भजन-कीर्तन और आरती के बीच मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंजते रहे।
अलीगंज के नए और पुराने हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु मंदिर, हनुमंत धाम और पंचवटी घाट स्थित प्राचीन श्री लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में विशेष आयोजन हुए। मंदिरों को फूलों से सजाया गया और भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
प्राचीन श्री लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में सुबह हनुमान जी की अष्टधातु की प्रतिमा को पंचामृत से स्नान कराया गया। इसके बाद सिंदूर का चोला चढ़ाकर लंगोट से श्रृंगार किया गया। मंदिर के मुख्य सेवादास डॉ. विवेक तांगड़ी ने आरती उतारी। सुबह भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शाम को मंदिर में हनुमान जी की चौकी सजी। शशांक सागर और उनकी टीम ने अखंड ज्योत के सामने भजन प्रस्तुत किए। इसके बाद मंदिर परिसर में चारो ओर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। आयोजन में मंदिर ट्रस्ट के सचिव डॉ. पंकज सिंह भदौरिया समेत सेवादार और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
अलीगंज और हनुमान सेतु मंदिर समेत शहर के अन्य मंदिरों में भी विशेष पूजन, सुंदरकांड के पाठ और भंडारे हुए। भक्तों ने बजरंगबली के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
हनुमान जयंती पर हनुमान सेतु मंदिर में उमड़े भक्त
हनुमान जयंती पर हनुमान सेतु मंदिर में उमड़े भक्त