लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल की डायलिसिस यूनिट का विस्तार हो गया है। मशीनें भी बढ़ गई हैं। अफसरों का कहना है कि गुर्दे के रोगियों को अब डायलिसिस के लिए इंतजार नहीं करना होगा।
बलरामपुर अस्पताल की न्यू बिल्डिंग के तीसरे तल पर डायलिसिस यूनिट है। यूनिट में अभी तक 10 मशीनों से हर दिन करीब 15 से अधिक मरीजों की डायलिसिस हो रही थी। इसी माह एक संस्था ने पांच नई मशीनें अस्पताल को दी हैं। यूनिट में अब 15 मशीनों से डायलिसिस हो रही है और हर दिन करीब 30 से अधिक मरीजों को इसका लाभ मिल रहा है। वहीं, इससे पहले मरीजों को डायलिसिस के लिए दो से तीन दिन का इंतजार करना पड़ता था। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु के मुताबिक, यूनिट में मशीनों की संख्या बढ़ गई है।
पीपीपी मॉडल पर 13 मशीनें
अस्पताल में पीपीपी मॉडल पर 13 डायलिसिस मशीनें लगी हैं। जहां मरीजाें की मुफ्त डायलिसिस हो रही है। हर दिन यहां 10 से 15 मरीजों की डायलिसिस हो रही है। अस्पताल प्रशासन का कहना है यूपी की सबसे बड़ी डायलिसिस यूनिट बलरामपुर अस्पताल में संचालित हो रही है।