कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने पहुंचे संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. प्रदीप कुमार। स्रोत ः वि
लखनऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को सख्ती का माहौल नजर आया। परीक्षार्थी इधर-उधर न देखें, यहां सब स्क्रीन पर दिख रहा है। केंद्र व्यवस्थापक ध्यान दें। यह निर्देश संयुक्त शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. प्रदीप कुमार ने निरीक्षण के दौरान दिए।
शहर के 121 परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से राजकीय जुबिली कॉलेज में कंट्रोल रूम बनाया गया है। निरीक्षण के दौरान जेडी ने तीन केंद्रों पर विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान इधर-उधर देखते पाया। इस पर तीन केंद्र व्यवस्थापकों को फटकार लगाते हुए सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई कक्ष निरीक्षक विषयवार ड्यूटी करते पाया गया तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान स्ट्रांग रूम में रखे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को भी ऑनलाइन माध्यम से परखा गया।
पहली पाली में हाईस्कूल (10वीं) की कंप्यूटर तथा इंटरमीडिएट (12वीं) के व्यावसायिक विषयों की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में हाईस्कूल की सिलाई और इंटरमीडिएट की नागरिक शास्त्र की परीक्षा संपन्न कराई गई।
514 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पहली पाली में 122 और दूसरी पाली में 412 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 514 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
शुरू हुई संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं
लखनऊ। माध्यमिक संस्कृत शिक्षा बोर्ड की पूर्व मध्यमा द्वितीय (10वीं), उत्तर मध्यमा प्रथम (11वीं) और उत्तर मध्यमा द्वितीय (12वीं) की परीक्षाएं बृहस्पतिवार से प्रारंभ हो गईं। परीक्षा शाहनजफ रोड स्थित भारतीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित की जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार के अनुसार, पहले दिन 150 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। (संवाद)