लखनऊ। केकेसी कॉलेज में सोमवार को परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को कुछ लोगों ने कक्ष के बाहर पीट दिया। एक अभ्यर्थी ने 13 आरोपियों के खिलाफ हुसैनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
गोमतीनगर के विज्ञान खंड निवासी अक्षय तिवारी ने बताया कि सोमवार सुबह वह केकेसी कॉलेज में अबु तलहा जहीर, निधि और इशिता तिवारी के साथ परीक्षा दे रहे थे। आरोप है कि तभी कक्ष में अंकित तिवारी, गौरव राय, किशन, जय सिंह, यश श्रीवास्तव, देव, नंद कुमार, रितिक व पांच अन्य लोग आ गए। आरोपियों ने उनसे गाली-गलौज की और परीक्षा देने से रोका। पीड़ित का आरोप है कि बात न मानने पर वे आक्रोशित हो गए और कक्ष से बाहर निकलने पर आरोपियों ने उन्हें रोककर लाठी-डंडों से पीट दिया। इसके बाद दोबारा परीक्षा देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।