कीर्ति सिंह, अंकुश सोनकर, अरीशा पाठक, अलमास खान
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट रविवार को जारी कर दिया गया। दोनों परीक्षाओं की टॉप 10 सूची में राजधानी लखनऊ के चार मेधावियों ने स्थान बनाया है।
इंटरमीडिएट परीक्षा में एसकेडी एकेडमी की कीर्ति सिंह और लखनऊ पब्लिक स्कूल (एलपीएस) के अंकुश सोनकर 91.8 फीसदी नंबर लाकर राजधानी में टॉप पर रहे। दोनों को यूपी बोर्ड की टॉप 10 सूची में संयुक्त रूप से 5वीं पोजीशन हासिल हुई है। वहीं एलपीएस की ही अरीशा पाठक ने 91.40 प्रतिशत अंक हासिल करके प्रदेश में सातवां और लखनऊ में दूसरा स्थान हासिल किया है।
हाईस्कूल परीक्षा में एलपीएस की अलमास खान ने 93.67 प्रतिशत नंबर लाकर राजधानी में पहला व प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया है।
इस बार हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 75.16 और 12वीं का 72.43 प्रतिशत रहा। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निदेशक ने परिणाम की घोषणा की और कहा कि इस बार की परीक्षा शुचिता पूर्ण माहौल में हुई है। इसलिए उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत है।
हाईस्कूल में अंजली वर्मा ने प्रदेश में पहला स्थान, यशस्वी ने दूसरा तो विनय कुमार वर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
वहीं, इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रथम स्थान पर रजनीश शुक्ला और आकाश मौर्य रहे। जबकि दूसरे स्थान पर अनन्या राय और तीसरे स्थान पर अभिषेक कुमार व अजीत पटेल रहे।