अवध गर्ल्स कॉलेज में अब छात्राओं के साथ ही ट्रांसजेंडर को भी पढ़ने का मौका मिलेगा। कॉलेज प्रबंधन ने इसकी अनुमति दे दी है। अगले सत्र से ट्रांसजेंडर रेग्युलर पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे। साथ ही कॉलेज में खुले इग्नू के गर्ल्स सेंटर पर भी उन्हें यह सुविधा मिलेगी।
अभी तक कॉलेज और सेंटर में केवल छात्राएं ही दाखिला ले सकती थीं। इग्नू ट्रांसजेंडर को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए उन्हें निशुल्क शिक्षा देता है। इस साल इग्नू के क्षेत्रीय कार्यालय स्थित अध्ययन केंद्र पर ट्रांसजेंडर ने दाखिला भी लिया है।
बुधवार को इग्नू की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. मनोरमा सिंह तथा कॉलेज प्रबंधन के बीच हुई वार्ता के बाद अवध कॉलेज में भी ट्रांसजेंडर के दाखिले को हरी झंडी दे दी। कॉलेज प्रबंधक निशि पांडेय ने इस कदम की सराहना की।
इग्नू के क्षेत्रीय अधिकारी अंशुमान उपाध्याय ने बताया कि अवध कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केन्द्र पर चार पीजी पाठ्यक्रमों की पढ़ाई हो रही है। इनमें मानव शास्त्र, दर्शन शास्त्र, अंग्रेजी एवं ग्रामीण विकास विषय शामिल हैं।