लखनऊ विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रमों में जो सीटें रिक्त रह गई हैं उन पर ओपन काउंसलिंग कराई जाएगी। जल्द ही लविवि विस्तृत कार्यक्रम जारी कर देगा। इसमें एडमिशन से वंचित रह गए सभी छात्रों को काउंसलिंग के लिए बुलाया जाएगा।
जो अभ्यर्थी पहले पहुंचेंगे उन्हें पहले सीट अलॉट कर दी जएगी। लविवि के बीए पाठ्यक्रम के विभिन्न विषयों में करीब 320 सीटें रिक्त रह गई हैं। वहीं बीएससी बायो, बीएससी मैथ्स व बीएससी कंप्यूटर साइंस की भी कुछ सीटें रिक्त रह गई हैं।
इन पर 14 और 15 जुलाई को ओपन काउंसलिंग कराई जाएगी। लविवि प्रशासन काउंसलिंग शिड्यूल जारी कर देगा। छात्रों को काउंसलिंग के दौरान ऑनलाइन फीस जमा कर सीट लॉक कर दी जाएगी।
जो फीस जमा नहीं करेंगे उनको सीट अलॉट नहीं की जाएगी। वहीं सोमवार को कराई गई एमबीए की काउंसलिंग में करीब 120 सीटें रिक्त रह गई हैं, जिनके लिए अब मंगलवार को काउंसलिंग कराई जाएगी।