लखनऊ विश्वविद्यालय में अगले साल से स्नातक और परास्नातक की काउंसलिंग ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए कैंपस आने की जरूरत नहीं होगी। ट्रायल के लिए इस साल बीएलएड काउंसलिंग से इसकी शुरुआत कर दी जाएगी। नई प्रणाली लागू होने के बाद विवि में काउंसलिंग के दौरान उमड़ने वाली भीड़ से मुक्ति मिल जाएगी।
लविवि ने इस साल बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की काउंसलिंग में भी यह फॉर्मूला लागू किया है। काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थियों को अपने सभी प्रमाणपत्र स्कैन करके आवेदन के समय ही अपलोड करने हैं। इसके बाद ऑनलाइन प्रणाली से सीटें आवंटित की जाएंगी। सीट आवंटन पत्र डाउनलोड करने के बाद अभ्यर्थी को फीस जमा करके संबंधित कॉलेज जाना है।
अगले साल से यही प्रणाली लविवि स्नातक और परास्नातक काउंसलिंग में भी लागू हो जाएगी। अभ्यर्थी अपने सभी प्रमाणपत्र आवेदन के समय ही स्कैन करके अपलोड कर देगा। सीट आवंटित होने के बाद आवंटन पत्र के साथ अभ्यर्थी को ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। फीस जमा करके उसे निर्धारित अवधि में विभाग में रिपोर्ट करना होगा। इसके बाद खाली सीट पर दोबारा काउंसलिंग होगी।
लविवि यह व्यवस्था बीए को छोड़कर अन्य पाठ्यक्रमों के लिए लागू करेगा। बीए में अलग-अलग विषय लेने की व्यवस्था होती है। अच्छी रैंक का अभ्यर्थी अपनी पसंद का कोई भी विषय ले सकता है। इतने ज्यादा विषय होने की वजह से बीए की ऑफ कैंपस काउंसलिंग कराना मुश्किल होगा।