लिंब सेंटर कोविड अस्पताल में होगी तीमारदारों के ठहरने की व्यवस्था
मंडलायुक्त व डीएम ने निरीक्षण के दौरान दिए निर्देश
मंडलायुक्त रंजन कुमार व डीएम अभिषेक प्रकाश बृहस्पतिवार को लिंब सेंटर के कोविड अस्पताल में मरीजों के इलाज की व्यवस्थाएं देखने पहुंचे। यहां कोरोना मरीजों के साथ दूर-दराज से आ रहे तीमारदारों के ठहरने की समस्या सामने आई। इसपर मंडलायुक्त ने कहा कि उन्हें ग्रीन जोन में रहने की इजाजत दी जाए। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और कहा कि न्यू व ओल्ड वार्ड के लिए अलग-अलग कंट्रोल रूम बनाए जाएं।
मंडलायुक्त ने कोरोना वार्ड में और बेड बढ़ाने के बारे में जानकारी ली। कोविड प्रभारी डॉ. अविनाश अग्रवाल ने बताया कि कुल 110 बेड हैं, जिनमें से 82 पर मरीज भर्ती हैं। मॉनिटर न होने के कारण बेड नहीं बढ़ाए जा सकें हैं, मॉनिटर की उपलब्धता होते ही 36 बेड और बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 26 बेड के अतिरिक्त सभी पर कैमरे लगे हैं। चिकित्सालय के न्यू एवं ओल्ड वार्ड में से केवल न्यू वार्ड में ही चतुर्थ तल पर कंट्रोल रूम है। कमिश्नर ने कहा कि न्यू एवं ओल्ड वार्ड के कंट्रोल रूम को अलग-अलग स्थापित किया जाए, जिससे मानिटरिंग में असुविधा न हो। विभागाध्यक्ष को निर्देशित किया गया कि भर्ती कोविड रोगियों के उपचार की समुचित व्यवस्था हो और समय-समय पर डाक्टर राउंड लेकर उसकी मानिटरिंग करते रहें। चिकित्सालय परिसर तथा ग्रीन जोन में समुचित साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. अविनाश अग्रवाल के साथ नोडल अधिकारी ज्योत्सना यादव व अन्य अधिकारी मौजूद थे।