लखनऊ। ठाकुरगंज के बालागंज स्थित स्टार अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग के अफसर मेहरबान नजर आ रहे हैं। सीएमओ दफ्तर से कॉल कर संचालक से पूछा कि क्या अस्पताल खुला है। संचालक ने बंद होने की बात कही। अफसर मौके पर जाकर जांच करते तो हकीकत सामने आ जाती। बीती 15 नवंबर को नर्सिंग होम के नोडल अधिकारी डॉ. एपी सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. केडी मिश्रा की टीम ने बालागंज के स्टार अस्पताल, द यूनिक, बालागंज अस्पताल, मेडलाइफ व ऑक्सीजन अस्पताल में छापा मारा था। स्टार अस्पताल में कई खामियां मिली थीं और इस वर्ष का पंजीकरण नहीं मिला था। अस्पताल बेसमेंट में चलता मिला। इस पर अस्पताल संचालन पर रोक लगा दी गई। संचालक ने स्वास्थ्य विभाग से सांठगांठ कर संचालन शुरू कर दिया। शिकायत के बाद भी शनिवार को अफसर अस्पताल तक नहीं गए। संचालक ने दूसरे अस्पताल में मरीजों को शिफ्ट कराकर गेट पर ताला लगा दिया है। नर्सिंग होम के नोडल अफसर डॉ. एपी सिंह ने बताया कि अस्पताल संचालक को फोन करके खुला होने के बारे में जानकारी मांगी गई थी। उसने संचालन न होने की बात कही है। बेसमेंंट में चल रहे अस्पताल के पंजीकरण की तैयारी : विभाग के अफसर बेसमेंट में अस्पताल संचालित करने की अनुमित देने की तैयारी में हैं।