सड़कों को गड्ढामुक्त करने के बजट का हो रहा आकलन
पीडब्ल्यूडी को नगर निगम से हैंडओवर होनीं हैं 126 सड़कें
एलडीए भी विभूति खंड की पांच सड़क कर चुका हैंडओवर
राजधानी की सड़कों को गड्ढामुक्त करने में नगर निगम और एलडीए फेल रहे। अब गेंद पीडब्ल्यूडी के पाले में है। जहां नगर निगम से 126 सड़कें लेने की प्रक्रिया चालू है। वहीं एलडीए ने पांच सड़के हैंडओवर की हैं। पीडब्ल्यूडी ने नगर निगम से मिलने वाली सड़कों को बनाने या पैचवर्क का आकलन शुरू कराया है। वहीं एलडीए से मिलीं विभूति खंड की सड़कों के स्पेशल रिपेयर का काम शुरू हो गया है।
पीडब्ल्यूडी का कहना है कि जिन सड़कों को नगर निगम से लिया जाना है, उनकी मरम्मत पर आने वाले खर्च का आकलन कराया जा रहा है। पीडब्ल्यूडी प्राथमिकता पर इन सड़कों को बनाएगा। बजट आकलन के बाद शासन से अनुमति लेकर इन सड़कों का हैंडओवर ले लिया जाएगा। एलडीए से मिली पांच में से दो सड़कों के बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। बाकी तीन के लिए भी प्रक्रिया जल्दी ही शुरू हो जाएगी।
पीडब्ल्यूडी अपने संसाधनों से करेगा काम
प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार का कहना है कि पीडब्ल्यूडी के पास भी सीमित बजट होता है। इसमें ही सड़कों का निर्माण करना होता है। एलडीए व नगर निगम से मिल रहीं सड़कों के लिए भी पूर्व में स्वीकृत बजट में से ही फंड का इंतजाम करना होगा। आकलन प्रांतीय खंड तैयार कर शासन को भेज रहा है। वहां से जैसा भी आदेश मिलेगा, उसके मुताबिक सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
हाल ही में मिलीं सड़कें, दुरुस्त करने में लगेगा थोड़ा वक्त : मुख्य अभियंता
पीडब्ल्यूडी के मध्य जोन के मुख्य अभियंता अंबिका सिंह ने कहा कि जितनी सड़कें तय हुई हैं, नगर निगम ने वे सभी सड़कें पीडब्ल्यूडी को हैंडओवर नहीं की हैं। नगर निगम ने अभी तक पीडब्ल्यूडी को 16 सड़कें हस्तांतरित की हैं। हाल ही में ये सड़कें विभाग को दी गई हैं। इसलिए इन्हें ठीक करने में हमें थोड़ा वक्त लगेगा। हमें हैंडओवर की गई सड़कों का आगणन तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं। आगणन को लेकर काफी कुछ काम हो चुका है और दो सड़कों के टेंडर भी लगा दिए गए हैं। पीडब्ल्यूडी को मिलीं सभी सड़कों को यथाशीघ्र दुरुस्त करने का प्रयास करेंगे।