लखनऊ। केजीएमयू में कैग की चार सदस्यीय टीम वित्तीय और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जांच कर रही है। यह टीम 15 जुलाई से संस्थान में डेरा डाले हुए है और चार अगस्त तक विभिन्न विभागों के अभिलेखों की जांच करेगी।
जांच के दौरान विसंगति मिलने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। टीम महंगी मशीनों और उपकरणों की खरीद पर विशेष ध्यान दे रही है। टेंडर प्रक्रिया, आय-व्यय का लेखा-जोखा और प्रशासनिक निर्णयों का भी बारीकी से परीक्षण हो रहा है।
दस्तावेज की मांग से हलचल
कैग टीम के अभिलेख मांगे जाने के बाद केजीएमयू के प्रशासनिक और वित्तीय विभागों में हलचल बढ़ी है। खरीद-फरोख्त, लेखा और भंडार शाखाओं में पुराने अभिलेख जुटाए जा रहे हैं। फाइलों का मिलान करने और दस्तावेज को व्यवस्थित करने का काम तेजी से चल रहा है। अधिकारियों को लेखापरीक्षा दल के समक्ष सभी अभिलेख समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।