कार्यकर्ताओं संग बैठक करते भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर।
- फोटो : amar ujala
योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा है कि अगर पिछड़े वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का तीन भागों में विभाजन नहीं किया गया तो लोकसभा चुनाव में भाजपा को नुकसान होगा। केंद्र सरकार के पास इस बाबत फैसला करने का अब भी समय है, अन्यथा सुभासपा अपने मुद्दों को लेकर आमजन के बीच जाने को तैयार है।
अपनी पार्टी के स्थापना दिवस 27 अक्तूबर को रमाबाई मैदान में होने वाली रैली की तैयारी को लेकर बुधवार को हुई बैठक में उन्होंने यह बात कही। कहा कि भाजपा के साथ जिन मुद्दों पर समझौता हुआ है उसे पूरा करने की ही वह मांग कर रहे हैं, लेकिन न केंद्र ने ध्यान दिया और न राज्य सरकार सुन रही है। इसलिए वह स्थापना दिवस पर आयोजित रैली में इन सभी मुद्दों को पिछड़े समाज के सामने रखेंगे।
राजभर ने बताया कि आरक्षण में बंटवारा व गुजरात की तर्ज पर प्रदेश में शराबबंदी समेत कई मुद्दों पर उनकी भाजपा अध्यक्ष और अन्य शीर्ष नेताओं से बातचीत हुई लेकिन सिर्फ वादे ही मिले।
ओमप्रकाश ने कार्यकर्ताओं से कहा, इस ऐतिहासिक रैली के जरिये सुभासपा की आगे की रणनीति तय होनी है। इसलिए अधिक से अधिक संख्या में लोगों को लखनऊ लाएं। अगर अपना हक पाना है तो रैली में भारी संख्या में उपस्थिति दर्ज करानी होगी ताकि इसका संदेश पूरे देश में जाए।