फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नागरिकता कानून विरोध: हिंसा के बाद आज बंद रहेंगे सभी विद्यालय, परीक्षाएं निरस्त

Sat, 21 Dec 2019 02:20 AM IST
शाहरुख खान ब्यूरो, अमर उजाला, लखनऊ

खास बातें

नागरिकता कानून पर उत्तर प्रदेश में हिंसा की आग एक बार फिर से भड़क गई है। मेरठ में हालात बेकाबू हो गए हैं। यहां उपद्रवियों और पुलिस आपस में भिड़ गए। हिंसा में गोली लगने से एक की मौत हो गई है। वहीं कानपुर में आठ लोगों को गोली लगी है। इससे पहले कानपुर फिर फिरोजाबाद और अब बहराइच में जमकर बवाल हुआ। इसके अलावा मुजफ्फरनगर, गोरखपुर, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, मुरादाबाद और हापुड़ जिले में भी पथराव हुआ है। हापुड़ में वाहनों में तोड़फोड़ की गई है। यहां उपद्रवियों ने पथराव भी किया है।
विज्ञापन
यूपी में जगह-जगह हो रहे सीएए के विरोध में प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:52 PM, 20-Dec-2019

उपद्रव और विरोध-प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर आज इंटर तक के सभी विद्यालय बंद कर दिए गए हैं। शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक ने यह आदेश जारी किए हैं। 

08:09 PM, 20-Dec-2019

नागरिकता संसोधन कानून के विरोध में मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में शुक्रवार को भारी बवाल हुआ है। जहां मेरठ में गोली लगने से तीन की मौत हो गई है। तो वहीं बिजनौर में गोली लगने से दो लोगों की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में भी एक की मौत हो गई है। 

07:29 PM, 20-Dec-2019

यूपी में हुए हिंसक प्रदर्शन की वजह से सरकार ने 22 दिसंबर को होने वाले टीईटी परीक्षाओं पर रोक लगा दी है। जानकारी के मुताबिक इस परीक्षा में 16 लाख अभ्यार्थी शामिल होने वाले थे। 

विज्ञापन
07:26 PM, 20-Dec-2019

उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया है कि आज प्रदेश में नागरिकता संसोधन कानून के खिलाफ हुए हिंसक प्रदर्शन में पांच लोगों की मौत हो गई है। 
 

 

07:16 PM, 20-Dec-2019

शनिवार को स्कूल-कॉलेज बंद

नागरिकता संशोधन कानून पर हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए गाजियाबाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने शनिवार को सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है।  

विज्ञापन
05:09 PM, 20-Dec-2019

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में लखनऊ के बाद अब मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में भारी बवाल हो गया है। मेरठ और बिजनौर में एक- एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मेरठ में कई सौ फायरिंग आमने- सामने हुई। वहीं मुजफ्फरनगर में तीन गोली लगने से घायल हो गए हैं। मुजफ्फरनर में दर्जनों वाहन समेत पुलिस चौकी को भी फूंक किया गया। 

05:03 PM, 20-Dec-2019

मेरठ में हालात बेकाबू हो गए हैं। यहां उपद्रवियों और पुलिस आपस में भिड़ गए। हिंसा में गोली लगने से एक की मौत हो गई है। वहीं, बिजनौर में जुमे की नमाज के बाद हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सिविल लाइन क्षेत्र में पहुंच गए और हंगामा प्रदर्शन किया। सिविल लाइन क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और नारेबाजी और प्रदर्शन किया।  इस दौरान हंगामा कर रहे लोगों ने जमकर पथराव किया और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विरोध प्रदर्शन की कवरेज कर रहे अमर उजाला के छायाकार के साथ कुछ लोगों ने जमकर मारपीट कर दी। यही नहीं छायाकार का कैमरा भी बुरी तरह तोड़ दिया गया। 

04:39 PM, 20-Dec-2019

कानपुर, उन्नाव, फर्रुखाबाद में बवाल, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ के बाद लगाई आग

यूपी के कानपुर, उन्नाव और फर्रुखाबाद में नागरिकता सशोधन अधिनियम को लेकर जुमे की नमाज के बाद बवाल हो गया। उन्नाव में जहां प्रदर्शनकारियों की नमाज के बाद पुलिस से भिड़ंत हुई वहीं फर्रुखाबाद में जामा मस्जिद के पास पुलिस पर पथराव हुआ। उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस को आंसू गैंस के गोले छोड़ने पड़े।कानपुर के परेड चौराहे पर प्रदर्शन कर रही भीड़ अचानक हिंसक हो गई। बेकाबू भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस को काबू पाने के लिए लाठियां पटकनी पड़ी‘आंसू गैस के गोले छोड़े।

पूरे शरह में पुलिस, पीएसी और रैपिड एक्शन फोर्स तैनात हैं। शहर के बाबूपुरवा, मछरिया, बड़ा चौराहा सहित आधा दर्जन क्षेत्राें में उपद्रवी रह रह कर पथराव कर रहे हैं। बाबूपुरवा में हिंसक हुई भीड़ ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़ फोड़ कर आग लगा दी है। उपद्रवियों ने कुछ दुकानों और एटीएम में भी तोड़फोड़ की है।

बाबूपुरवा में पुलिस और उपद्रवियों के बीच में गोलियां चलीं। जिसमें कई लोग घायल हो गए। घायलों को हैलट अस्पताल लाया गया है। वहीं परेड से बड़ा चौराहा निकल रहे जुलूस के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस के सामने कई दुकानों में तोड़फोड़ की। जाजमऊ के असरफाबाद में भी उपद्रवियों ने पुलिस पर किया पथराव।

04:23 PM, 20-Dec-2019

बिजनौर में नमाज के बाद उग्र प्रदर्शन, अमर उजाला का कैमरा तोड़ा, कैमरामैन से मारपीट

बिजनौर में जुमे की नमाज के बाद हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सिविल लाइन क्षेत्र में पहुंच गए और हंगामा प्रदर्शन किया। सिविल लाइन क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और नारेबाजी और प्रदर्शन किया।  इस दौरान हंगामा कर रहे लोगों ने जमकर पथराव किया और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान विरोध प्रदर्शन की कवरेज कर रहे अमर उजाला के छायाकार के साथ कुछ लोगों ने जमकर मारपीट कर दी। यही नहीं छायाकार का कैमरा भी बुरी तरह तोड़ दिया गया। 

बताया गया कि आसपास मौजूद लोगों ने छायाकार को बचाने की कोशिश कि लेकिन उग्र भीड़ ने किसी को नहीं बख्शा लोग लाठी डंडे लेकर सड़कों पर उतर आए। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने स्थिति संभाली लेकिन तब तक प्रदर्शनकारी कई वाहनों में तोड़फोड़ कर चुके थे।

04:21 PM, 20-Dec-2019

भदोही में जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर की पत्थरबाजी

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में जगह-जगह हो रहे हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए कालीन नगरी भदोही में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को दिन में कुछ देर के लिए इंटरनेट सेवा भी बाधित कर दी थी। लेकिन जुमे की नमाज के लोगों ने उग्र प्रदर्शन किया और इस दौरान भीड़ ने बीचबचाव करने वाली पुलिस पर पत्थरबाजी की। अंत में पुलिस ने भी भीड़ को तितरबितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का लाठी चार्ज भी किया।

दरअसल, जनपद के सबसे बड़े नगर भदोही के काजीपुरा में स्थित एक मस्जिद में दोपहर में जुमे की नमाज के बाद इस कानून के विरोध जताने के लिए 500 से 600 लोग जुलूस की शक्ल में लोग इकट्ठा हुए और नारेबाजी करते हुए अजिमुल्ला चौराहे की तरफ जाने लगे। यहां जब पहले से मौजूद पुलिस ने आगे बढ़ने से रोका, तो प्रदर्शनकारियों ने रास्ता बदलते हुए जानू शहीद बाबा मजार के रास्ते से स्टेशन रोड की तरफ जाने लगे।

जब पुलिस ने एक तिराहे पर प्रदर्शनकारियों को रोका, तो आक्रोशितों ने पुलिस पर पत्थरबाजी कर दी। ऐसे में भीड़ को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने 3 मोटरसाइकिलों और एक कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।

03:47 PM, 20-Dec-2019

मेरठ में प्रदर्शनकारियों को लाठीचार्ज कर खदेड़ा

मेरठ में जहां जुमे की नमाज शांतिपूर्ण हुई। वहीं कोतवाली क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शन के लिए पर्चे बांटने की सूचना पर पुलिस सर्तक हो गई। पुलिस के रोके जाने पर यहां मौजूद भीड़ ने हंगामा कर दिया जिस पर पुलिस और हंगामा कर रहे लोगों के बीच तीखी झड़प हुई। आखिरकार पुलिस को जबरदस्त हंगामा कर रहे लोगों को लाठीचार्ज कर खदेड़ना पड़ा। पुलिस ने पांच छह युवकों को हिरासत में ले लिया है।

03:45 PM, 20-Dec-2019

मुजफ्फरनगर जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर उतरे हजारों लोग

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जुमे की नमाज के बाद बाद मुस्लिम समुदाय के हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया। यहां खालापार से नमाज पढ़कर हंगामा करते लोग मीनाक्षी चौक की तरफ बढ़ रहे थे। जहां पुलिस से प्रदर्शनकारियों की तीखी झड़प हुई। मुजफ्फरनगर में लोगों ने कच्ची सड़क, मदीना चौक पर प्रदर्शन किया जहां पुलिस ने रोका लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं मानें। इस दौरान प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस पर पथराव भी किया। प्रदर्शनकारियों ने एक बाइक और एक वैगनार में तोड़फोड़ की है। इस्लामिया कॉलेज में प्रदर्शनकारी प्रदर्शन कर रहे हैं। पथराव के दौरान कुछ पुलिसकर्मी घायल भी हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

03:35 PM, 20-Dec-2019

गोरखपुर में बवाल, एडिशनल एसपी की गाड़ी का शीशा तोड़ा

देश के विभिन्न हिस्सों में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध को देखते हुए गोरखपुर में नखास में भीड़ बेकाबू हो गई है। भीड़ को समझाने आई पुलिस पर पथराव किया गया तो पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया।आंसू गैस के गोले छोड़े जाने की भी सूचना मिल रही है। एडिशनल एसपी की गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। एसएसपी सुनील कुमार गुप्ता ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है पुलिस पर पथराव करने वालों के साथ सख्ती पर की गई है इस मामले में जो भी लोग लिप्त हैं उन सब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, पुलिस अलर्ट पर है

इधर मदीना चौक पर दो युवकों को संदिग्ध मानते हुए भीड़ ने पीट दिया। दोनों को नागरिक सुरक्षा कोर के एक पदाधिकारी के घर में छिपाया गया है। दोनों का नाम विकास जलाना और सत्य प्रकाश है। एडीएम सिटी राकेश कुमार श्रीवास्तव मौलवी की मदद से भीड़ को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन भीड़ हटने को तैयार नहीं है, दोनों को भीड़ के हवाले करने की मांग पर अड़ी है।

सर्तकता को देखते हुए सुबह से ही बड़ी मस्जिद इलाके में यानी सह मारूफ घंटाघर में दुकानें बंद कराई जा रही थी। जुमा की नमाज के बाद भारी तादात में मस्जिद पहुंचे लोगों ने बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस उन्हें मनाने का प्रयास कर रही है।
 

03:22 PM, 20-Dec-2019

बुलंदशहर में पथराव

बुलंदशहर में जुमे की नमाज़ के बाद उपरकोट में प्रदर्शन के दौरान पथराव हुआ। पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई है। पुलिस ने आंसू गैस छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर बितर किया है।

03:20 PM, 20-Dec-2019

अमरोहा में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया

वहीं, अमरोहा में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया है। इस दौरान पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। यहां भीड़ ने तीन बाइकों को आग के हवाले कर दिया। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण हैं। संभल के चंदौसी चौराहे पर भी प्रदर्शनकारी जमा हो गए हैं। यहां पर इंटरनेट बंद कर दिया गया है। वहीं, रामपुर में भी नागरिकता कानून का विरोध जारी है। शनिवार को उलेमाओं ने बंद बुलाया है। मुरादाबाद में पीएम मोदी और अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी हुई। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया है। धारा 144 का उल्लंघन किया जा रहा है। 

03:11 PM, 20-Dec-2019

हापुड़ में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में की तोड़फोड़, पुलिस का लाठीचार्ज

उत्तर प्रदेश के हापुड़ और गोरखपुर जिले में भी पथराव हुआ है। हापुड़ में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की है। इस दौरान उपद्रवियों ने पथराव भी किया। हापुड़ में हजारों की भीड़ दोपहर की नमाज के बाद बुलंदशहर रोड से जुलूस के रूप में तहसील चौपला पहुंची थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज भी किया। 

03:02 PM, 20-Dec-2019

नागरिकता कानून पर अब फिरोजाबाद में जबरदस्त बवाल

फिरोजाबाद में नागरिकता संशोधन कानून का जबरदस्त विरोध हो रहा है। शुक्रवार को थाना रसूलपुर क्षेत्र में धार्मिक स्थल से इबादत के बाद निकले लोग पुलिस से भिड़ गए। पुलिस पर जबरदस्त पथराव किया गया। कई गाड़ियों में आग लगा दी गई। कुछ उपद्रवियों ने फायरिंग भी की है। इस घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।शुक्रवार को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के चलते फिरोजाबाद क्षेत्र में मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई थी। फिरोजाबाद में चूड़ी के कारखाने भी बंद कर दिए गए थे। रोडवेज की गाड़ियों को बाईपास से गुजारा जा रहा था।

संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिसबल तैनात किया गया था। शुक्रवार दोपहर को जब नालबंद क्षेत्र में एक इबादतगाह से लोग जत्थे के रूप में निकले तो पुलिस ने उन्हें रोका। बाजारों की ओर जाने से रोकने पर लोगों ने पुलिस फोर्स पर पथराव कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने हवाई फायरिंग की तो उपद्रवियों ने भी फायरिंग कर डाली।

इस दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। पुलिस पर जबरदस्त पथराव हुआ जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। आनन-फानन में इस घटना की सूचना पुलिस के आला अधिकारियों को दी गई। पुलिस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। लेकिन, उपद्रवियों ने पुलिस और आम जनता की कुछ गाड़ियों में आग लगा दी। उपद्रवियों ने दमकल की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की।

रसूलपुर क्षेत्र में मचे इस बवाल से बाजारों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे। बाजार में महिला-पुरुष अपनी जान बचाकर भागने लगे। पूरा बाजार बंद कर दिया गया। फिरोजाबाद के हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। 

02:53 PM, 20-Dec-2019

कानपुर में पथराव-लाठीचार्ज और फायरिंग

यूपी के कानपुर में नागरिकता सशोधन अधिनियम के तहत परेड चौराहे पर प्रदर्शन कर रही भीड़ अचानक हिंसक हो गई। बेकाबू भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस को काबू पाने के लिए लाठियां पटकनी पड़ी। कानपुर के बाबूपुरावा, मछरिया सहित कई क्षेत्राें में लोग प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर उतरे थे।

02:52 PM, 20-Dec-2019

लखनऊ में बड़े इमामबाड़े में जुमे की नमाज़ सकुशल सम्पन्न

पुराने लखनऊ में बड़े इमामबाड़े में जुमे की नमाज़ सकुशल सम्पन्न हुई। नमाज़ पढ़कर नमाज़ी अपने अपने घर चले गए। अभी तक पूरी तरह शांति है। 
ACS होम अवनीश अवस्थी खुद पुराने लखनऊ में मौजूद हैं। 

02:49 PM, 20-Dec-2019

मेरठ में बादाम बेचते कश्मीर के दो युवक हिरासत में लिए

मेरठ के कोतवाली के जामा मस्जिद के पास से बादाम बेचते कश्मीर के दो युवक संदिग्ध मान कर हिरासत में लिए गए। मेरठ की जामा मस्जिद में काली पट्टी बांध कर जुमे का नमाज अदा की गई। बिजनौर में जमा मस्जिद पर मुसलमानों के एकत्र होने के बाद नारेबाजी शुरू हो गई। 

12:56 PM, 20-Dec-2019

लखनऊ में हिंसा करने वाले उपद्रवी बांग्लादेशी थे?

लखनऊ में हुई हिंसा में बांग्लादेशियों के सामने होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को मिले सुराग तो यही इशारा कर रहे हैं। दरअसल, लखनऊ पुलिस को हिंसा के बाद पांच मोबाइल फोन मिले हैं। जिनमें बांग्ला भाषा में संदेशों का आदान-प्रदान किया गया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि ये उपद्रवी बांग्लादेशी हैं। जो हिंसा फैलाने के मकसद से ही यहां इकट्ठा हुए थे। मामले की जांच की जा रही है।

बता दें कि बृहस्पतिवार को लखनऊ में नागरिकता कानून के खिलाफ जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुआ। इस दौरान कई इलाकों में हिंसा भड़क उठी। दंगाइयों ने बस, कारें व दोपहिया वाहनों में आग लगाने के साथ ही पुलिस चौकियां जला डाली। एहतियात के तौर पर शनिवार दोपहर तक के लिए इंटरनेट बंद कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

12:11 PM, 20-Dec-2019

नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में आज संभावित भारत बंद की आशंका के मद्देनजर इंटरनेट सेवाएं बृहस्पतिवार रात 12 बजे से बंद कर दी गईं। ये शुक्रवार शाम छह बजे तक बंद रहेंगी। वहीं शहर और देहात के संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। विरोध के नाम पर हिंसा करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर और रासुका की कार्रवाई की जाएगी।

12:10 PM, 20-Dec-2019

कानपुर और उन्नाव में जियो ने नेट सेवा की बंद

नागरिकता कानून को लेकर लखनऊ में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद कानपुर और उन्नाव में जियो ने इंटरनेट की सेवाएं बंद कर दी हैं। वही उन्नाव में नागरिकता कानून को लेकर जुमे की नमाज के प्रदर्शन की सुगबुगाहट पर प्रशासन अलर्ट हो गया है।

10:42 AM, 20-Dec-2019

मायावती का सपा-कांग्रेस पर हमला

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और संभल में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा पर सपा और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसी भी विरोध प्रदर्शन या धरने में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि हमने हमेशा नागरिकता संशोधन विधेयक Citizenship Amendment Act का विरोध किया है, हम शुरू से ही इसका विरोध करते रहे हैं, लेकिन अन्य पार्टियों की तरह हम सार्वजनिक संपत्ति और हिंसा को नष्ट करने में विश्वास नहीं करते हैं।

मायावती ने कहा कि मैं अपनी पार्टी के लोगों से अपील करती हूं कि इस समय में देश में व्याप्त इमर्जेंसी के दौरान सड़कों पर न उतरें, इसकी जगह विरोध के दूसरे तरीकों को अपना जाएं।

09:12 AM, 20-Dec-2019

वकील के शव का आज होगा पोस्टमार्टम

वहीं, गुरुवार को लखनऊ में हुई हिंसा में मारे गए वकील के शव का आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। वीडियोग्राफी में वकील के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। 

09:09 AM, 20-Dec-2019

3305 लोगों को लिया गया हिरासत में

पुलिस मुख्यालय ने दावा किया है कि बृहस्पतिवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में पुलिस ने हिंसक प्रदर्शन को रोकने के लिए 3305 लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर किए गए आपत्तिजनक, भ्रामक पोस्ट, मैसेज के संबंध में प्रदेश में कुल 13 अभियोग पंजीकृत किए गए और 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 1786 ट्विटर पोस्ट और 3037 फेसबुक व 38 यूट्यूब पोस्ट को हटाने के लिए सर्विस प्रोवाइडर से संपर्क किया गया है।

09:07 AM, 20-Dec-2019

पूरे उत्तर प्रदेश में धारा 144 लागू, इन जिलों में इंटरनेट बंद

वहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में धारा 144 लागू है। जबकि गाजियाबाद, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, बरेली, आजमगढ़ समेत कई जिलों में इंटरनेट बंद कर दिया गया है।

09:04 AM, 20-Dec-2019

सीएम योगी सख्त, बोले- दंगे के दोषियों की संपत्ति जब्त कर वसूलेंगे हर्जाना

राजधानी समेत प्रदेश में उपद्रव पर भड़के सीएम योगी आदित्यनाथ ने हिंसक घटनाओं के दोषियों की संपत्तियां जब्त कर उनसे सावर्जनिक संपत्ति को हुए नुकसान का हर्जाना वसूलने का निर्देश दिया है। सीएम ने कहा कि वे हिंसक वारदातों की समीक्षा खुद कर रहे हैं। उपद्रवियों के चेहरे वीडियोग्राफी और सीसीटीवी में कैद हो चुके हैं। सभी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति की अपील करते हुए अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी के निर्देश दिए हैं।

08:48 AM, 20-Dec-2019

संभल बवाल में सांसद बर्क और सपा जिलाध्यक्ष समेत 17 पर केस दर्ज

संभल में पथराव और आगजनी के मामले में कोतवाली संभल में पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह इसके वादी हैं। इसमें सपा सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क, सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष फिरोज खां. नगर पालिकाध्यक्ष के पति हाजी शकील के अलावा मुशीर खां, ओअजज्म खां, सय्यद असलम, असद अब्दुल्ला, डा. नाजिम, चौधरी नदीम, मुदस्सिर, बिलाल, मुकीम कुरैशी, जिया अशरफ, ईनामुर्रहमान, रशीक अनवर, मुशीर चौधरी, चौधरी अशरफ अली खां नामजद हैं। सैकड़ों की भीड़ अज्ञात में है। 

पुलिस की टीमें दे रहीं दबिश, तीस गिरफ्तार 
पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि बवाल के बाद पहली रिपोर्ट पुलिस की ओर से दर्ज की गई है।  इसमें 17 लोग नामजद हैं और सैकड़ों अज्ञात हैं। पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है। देर रात तक 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दूसरी रिपोर्ट पीतल नगरी डिपो के स्टेशन अधीक्षक महावीर सिंह की ओर से दर्ज की गई है। इसमें अज्ञात भीड़ आरोपी है। तीन बसों में तोड़फोड़ और एक बस में आगजनी का आरोप लगाया गया है

08:42 AM, 20-Dec-2019

नागरिकता कानून विरोध: हिंसा के बाद आज बंद रहेंगे सभी विद्यालय, परीक्षाएं निरस्त

6 घंटे सुलगी राजधानी लखनऊ: खदरा से शुरू हुआ बवाल
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों के उपद्रव से बृहस्पतिवार को लखनऊ जल उठा। प्रदर्शनकारियों ने राजधानी की दो पुलिस चौकियां फूंक दीं। रोडवेज बस समेत दर्जनों वाहनों को आग के हवाले कर दिया। भीषण पथराव के साथ कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान तीन नागरिकों को गोली लग गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। 

पथराव व फायरिंग में 51 पुलिसवालों को चोटें आईं। हालात इतने बेकाबू हो गए कि स्थिति को संभालने के लिए प्रदेश पुलिस के मुखिया को खुद मैदान में उतरना पड़ा। उपद्रवियों के निशाने पर पुलिस और पत्रकार रहे। इस मामले में 61 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। सात एफआईआर दर्ज कराई गई है।

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें