सीएए-एनआरसी के विरोध में घंटाघर पर प्रदर्शन कर रही मुनव्वर राना की बेटी सुमैया राना समेत 150 महिलाओं, पुरुषों के खिलाफ ठाकुरगंज कोतवाली में केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने आइसा के कार्यकर्ता व नाका के गुरु गोविंद सिंह मार्ग निवासी नितिन राज और ठाकुरगंज के प्रेम बरौरा हुसैन बाड़ी बालागंज निवासी एबाद अहमद सिद्दीकी को गिरफ्तार किया है।
एडीसीपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि घंटाघर पर प्रदर्शन के 60 दिन पूरे होने पर सोमवार को महिलाओं ने सोशल मीडिया से भीड़ जुटाने का आह्वान किया था। वहीं, महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन किया। धरने में आए लोगों ने वाहन आड़े-तिरछे खडे़ कर दिए, जिससे जाम लग गया। पुलिसकर्मियों ने समझाने का प्रयास किया तो धक्का-मुक्की की।
धारा 144 के बावजूद भीड़ जुटाने और प्रदर्शन करने पर शायर मुनव्वर राना की बेटी सुमैया राना, नितिन राज, यामीन, आसिफ खान, पूजा शुक्ला, रुखसाना, उसके पति जियाउद्दीन, नसरीन, सबी फातिमा, रेहाना, रानी, जीनत कौशल, रऊफ, उजमा परवीन, सैफुद्दीन उर्फ सैफुल हसन, मो. वसी, सुनील बेग, फैय्याज अहमद, आसफिया खातून उर्फ सलमा, रेशमा और 150 अज्ञात पर इंस्पेक्टर की ओर से केस दर्ज कराया गया है। इससे पूर्व धरनास्थल से पुलिस ने एबाद अहमद और नितिन राज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।