सीए कौशिक राय चौधरी को एक रियल एस्टेट कंपनी में रिस्पेशनिस्ट युवती से दुराचार के आरोप में कैसरबाग के एक नामी होटल के पास से गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक नाका परशुराम सिंह ने बताया कि आरोपी कौशिक रॉय चौधरी मूलरूप से कोलकाता का रहने वाला है।
वह यहां पर कई नामी कंपनियों के सीए होने का दावा कर रहा है। युवती की तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। उसका मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया गया तो लोकेशन कैसरबाग के एक नामी होटल के पास मिली। वहीं से उसे गिरफ्तार किया गया।
युवती ने बताया कि उसकी मुलाकात पिछले महीने कौशिक रॉय से हुई थी। दो जुलाई को सीए ने सुबह दस बजे युवती को मिलने बुलाया। युवती ने बताया कि उसने जरूरी पेपर व रकम देने की बात कही थी, जो उसकी कंपनी के मालिक को देनी थी। युवती के मुताबिक उसके कंपनी के मालिक के भाई की शादी दो जुलाई को थी, तो वह मालिक को फोन न मिलाकर सीधे मिलने चली गई।
नाका के होटल में सीए कौशिक रॉय चौधरी की दरिंदगी का शिकार बनी युवती राजाजीपुरम की रहने वाली है। वह गोमती नगर स्थित एक रियल एस्टेट कंपनी में रिस्पेशनिस्ट है। युवती के मुताबिक वह पेपर व रकम लेने सीए के बताए पते पर पहुंची। जहां से वह उसे होटल लवली इन में ले गया।
कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया
आरोपी सीए कौशिक राय चौधरी
- फोटो : amar ujala
वहां कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। होश आने पर उसने खुद को अस्त व्यस्त हालत में पाया। युवती का आरोप है कि बेहोशी में सीए ने उसके साथ दुष्कर्म किया। क्षेत्राधिकारी कैसरबाग अमित राय ने बताया कि युवती को जब कौशिक लगातार फोन कर परेशान करने लगा तो वह उससे मिलने गई।
आरोपी से बातचीत के बाद उसने शादी के लिए दबाव बनाया। इस पर आरोपी ने कहा कि वह शादी शुदा है। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने इस दौरान होटल में मोबाइल कैमरे से फोटो और वीडियो बना लिया। जब शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने धमकी दी कि अगर तुम किसी से हमारे संबंध के बारे में बताओगी तो फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा।
प्रभारी निरीक्षक नाका परशुराम सिंह के मुताबिक युवती का आरोप है कि होश में आने के बाद जब वह चिल्लाई तो आरोपी सीए ने कहा कि अब तो जो गलती होनी थी हो गई है। मैं तुमसे प्यार करता हूं। तुमसे शादी कर लूंगा। युवती ने शादी की बात पर यकीन किया और चली गई। दूसरे दिन उसे कौशिक ने फिर बुलाया, मना करने पर फोन कर परेशान करने लगा।