अंबेडकरनगर। दो दिनों तक सुचारु रूप से सीटी स्कैन व डिजिटल एक्स-रे मशीनों के संचालन के बाद बुधवार को एक बार फिर ठप हो गई। दरअसल जिला अस्पताल को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के लिए कोटवा महमदपुर विद्युत उपकेंद्र से आने वाली अंडरग्राउंड केबल बुधवार सुबह एक बार फिर से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के पास जल गई।
इससे जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे एक तरफ जहां सीटी स्कैन व डिजिटल एक्स-रे का कार्य पूरी तरह ठप रहा, वहीं बिजली न होने से उमस भरी गर्मी के बीच विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों को भी अनेक तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
जिला अस्पताल में सीटी स्कैन व डिजिटल एक्स-रे मशीनों का संचालन सुचारु रूप से नहीं हो पा रहा है। बीते दिनों राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के निकट अंडरग्राउंड केबल के जलने से अकबरपुर विद्युत उपकेेंद्र के स्पेयर फीडर से जोड़कर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जिला अस्पताल को बिजली उपलब्ध कराई गई थी। बदतर बिजली आपूर्ति के चलते सीटी स्कैन व डिजिटल एक्स-रे मशीनों का सुचारु संचालन नहीं हो पा रहा था। इससे सीटी स्कैन व डिजिटल एक्स-रे के लिए प्रतिदिन आने वाले औसतन 55 मरीजों को ज्यादातर मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा था।
अस्पताल प्रशासन द्वारा लगातार पॉवर कॉरपोरेशन को पत्र लिखे जाने के बाद दो दिन पहले क्षतिग्रस्त बिजली केबल बदलकर जिला अस्पताल को सुचारु बिजली उपलब्ध कराई गई थी। इससे सेवाएं पटरी पर लौटी थीं। जिला अस्पताल को अंडरग्राउंड केबल द्वारा कोटवा महमदपुर विद्युत उपकेंद्र से बिजली मिलती है।
इस बीच बुधवार सुबह एक बार फिर से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के निकट अंडरग्राउंड केबल जल गई। इससे अस्पताल की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
नतीजा यह रहा कि सीटी स्कैन व डिजिटल एक्स रे मशीनों का भी संचालन बुधवार पूरे दिन नहीं हो सका। दोपहर बाद जनरेटर चलाकर सामान्य एक्स रे व अल्ट्रासाउंड का ही कार्य हो सका। लगभग डेढ़ घंटे तक जनरेटर चलाकर बंद कर दिया गया। उधर जिला अस्पताल की विद्युत आपूर्ति ठप होने से वार्डों में भर्ती मरीजों को उमसभरी गर्मी में विभिन्न प्रकार की मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
सीटी स्कैन के लिए आई शहजादपुर की विमलावती व सद्दरपुर के बृजेश ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि सीटी स्कैन व डिजिटल एक्स रे के लिए आने वाले मरीजों को मायूस होकर वापस न लौटना पड़े, इसके लिए जिला अस्पताल प्रशासन को ठोस कदम उठाना चाहिए। कहा कि वे सीटी स्कैन के लिए दो बार जिला अस्पताल आ चुके हैं।
केदारनगर के रामजीत व पटेलनगर के गुलाम रसूल ने कहा कि वे डिजिटल एक्स रे के लिए जिला अस्पताल आए हुए थे। लाइन में लगने के कुछ देर बाद जानकारी दी गई कि केबिल जल गई है। ऐसे में मशीन का संचालन नहीं हो सकेगा।
सीएमएस डॉ. एसपी गौतम ने बताया कि दो दिन सुचारु बिजली मिलने के बाद बुधवार सुबह एक बार फिर से अंडरग्राउंड केबिल जल गई। इससे सीटी स्कैन व डिजिटल एक्स-रे का कार्य प्रभावित हुआ है। गड़बड़ी दूर करने के लिए पॉवर कॉरपोरेशन को पत्र लिखा गया है।