लखनऊ। कैंट विधानसभा सीट के उपचुनाव में नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को भाजपा के सुरेश तिवारी, सपा के मेजर आशीष चतुर्वेदी समेत 13 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा दाखिल कर चुनावी जंग में हिस्सेदारी के लिए ताल ठोकी। पर्चा दाखिल करने को नवरात्र शुरू हो जाने का इंतजार कर रहे प्रत्याशियों की भीड़ सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष में सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 4 बजे तक बनी रही। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी सुरेश तिवारी समर्थकों के जुलूस संग नामांकन दाखिल करने दोपहर साढ़े बारह बजे कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ताओं व संगठन पदाधिकारियों को कलेक्ट्रेट गेट के बाहर ही रोक प्रशासन ने सिर्फ प्रत्याशी संग डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना सहित प्रस्तावकों को ही नामांकन कक्ष तक जाने की अनुमति दी। सुरेश तिवारी ने अलग-अलग चार सेट में अपना नामांकन पर्चा रिटर्निंग ऑफीसर के समक्ष प्रस्तुत किया।
इससे पहले सपा की तरफ से घोषित कैंट उपचुनाव के प्रत्याशी मेजर आशीष चतुर्वेदी ने 11.30 बजे पर अपने प्रस्तावक व सपा नगर इकाई से जुड़े कुछ पदाधिकारियों संग बिना जुलूस के दो सेट में पर्चा दाखिल किया। हालांकि बाद में कैसरबाग स्थित नगर सपा कार्यालय से पुन: पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा, पूर्व विधायक अनुराग भदौरिया, रविदास मल्होत्रा, नगर इकाई से जुड़े गौरव व सौरभ यादव की मौजूदगी में समर्थकों के जुलूस संग दोपहर ढाई बजे कलेक्ट्रेट पहुंचकर पुन: दो सेट में अपना नामांकन पर्चा प्रस्तुत किया। इस दौरान शुरूआती दौर में ही दो सेट में नामांकन पर्चा दाखिल कर चुके बसपा के अरुण द्विवेदी ने भी नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को समर्थकों के साथ पुन: दो सेट में नामांकन भरा। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश मिश्रा व संगठन से जुड़े अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
नामांकन कराने वालों की संख्या 15 हुई
भाजपा, बसपा व सपा के साथ ही अंतिम दिन नामांकन पर्चा दाखिल करने वालों में लोकदल के शत्रुघन लाल रावत, महिला स्वाभिमान पार्टी से गीता कुमारी, बहुजन आवाम पार्टी से नीलम सरोज, भारतीय संगठित पार्टी से सत्यपाल सिंह, लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी से सच्चिदानंद श्रीवास्तव, जनहित किसान पार्टी से दीपक चौरसिया, बहुजन मुक्ति पार्टी से सत्येंद्र कुमार संग निर्दलीय श्याम पाल, विनोद कुमार, अनुरोध श्रीवास्तव व निगमेंद्र मिश्रा समेत 13 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया। कांग्रेस से दिलप्रीत सिंह व बसपा से अरुण द्विवेदी पहले ही नामांकन करा चुके हैं। इन्हें मिलाकर कैंट विधानसभा के उपचुनाव में हिस्सेदारी करने वाले प्रत्याशियों की संख्या 15 हो गई है।
नामांकन पत्रों की जांच आज, नाम वापसी तीन को
रिटर्निंग आफीसर (आरओ) अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि एक अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच और तीन अक्तूबर को नाम वापसी होगी। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
आचार संहिता दरकिनार, समर्थकों संग जुलूस लेकर पहुंचे प्रत्याशी
समर्थकों व पार्टी कार्यकर्ताओं के जुलूस संग नामांकन कराने पहुंचे भाजपा, सपा व बसपा के उत्साही कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों के साथ जोशीले अंदाज में नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य भवन तिराहे तक पहुंचे। बाकी कार्यकर्ताओं को तो पुलिस ने बेरिकेडिंग पर ही रोक लिया लेकिन आचार संहिता के तहत प्रत्याशी संग सिर्फ पांच लोगों को ही नामांकन स्थल तक जाने का निर्देश हवाई दिखा। तीनों ही प्रत्याशियों के संग बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व अन्य कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर तक पहुंचने में सफल रहे। हालांकि बाद में मौके पर मौजूद एसएसपी व एडीएम सिटी पश्चिम ने सख्ती करते हुए नामांकन कक्ष में भीड़ को जाने से रोका। इसके बावजूद तीनों प्रमुख प्रत्याशियों के संग नामांकन कक्ष में दर्जनों लोग मौजूद रहे।
घंटों लगा रहा जाम, लोग हुए परेशान
नामांकन के अंतिम दिन प्रमुख प्रत्याशियों के परिवर्तन चौक व कैसरबाग चौराहा से निकाले गए नामांकन जुलूस में शामिल वाहनों के कारण कलेक्ट्रेट के आसपास से लेकर स्वास्थ्य भवन तिराहा, कैसरबाग, शहीद स्मारक पार्क तक घंटों जाम की स्थिति बनी रही। इसमें फंसे दो पहिया व चार पहिया वाहनों पर सवार लोगों को घंटों जाम में परेशानी झेलनी पड़ी। सबसे ज्यादा परेशानी एंबुलेंस रोगी वाहनों व स्कूलों में छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर वाहनों को लेकर रही। जाम से राहत दिलाने को जुटी सिविल व ट्रैफिक पुलिस बमुश्किल शाम पांच बजे के बाद परिवर्तन चौक, कैसरबाग कलेक्ट्रेट व स्वास्थ्य भवन चौराहा पर जाम की स्थिति को खत्म करा ट्रैफिक संचालन ठीक करा सकी।
उपचुनाव में जीत संग हरियाणा व महाराष्ट्र में बनाएंगे सरकार
भाजपा प्रत्याशी सुरेश तिवारी का नामांकन पर्चा दाखिल कराने कलेक्ट्रेट पहुंचे डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए दावा किया कि प्रदेश में हमीरपुर के बाद उपचुनाव की सभी 11 सीटों के साथ ही भाजपा, हरियाणा व महाराष्ट्र में भी शानदार जीत हासिल कर सरकार बनाएगी। डिप्टी सीएम डॉ. शर्मा ने कहा कि जनता समझ चुकी है कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसकी करनी व कथनी में कोई अंतर नहीं। देश में मोदी तो प्रदेश में योगी की अगुवाई में लगातार हो रहे विकास कार्य व कार्यकर्ताओं की जमीनी मेहनत उपचुनाव व दो प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पार्टी को फिर से ऐतिहासिक जीत हासिल कराएगी।