लखनऊ। सराफा बाजार में सोने-चांदी के दाम लगातार लुढ़क रहे हैं, लेकिन इसका फायदा कारोबारियों को नहीं मिल पा रहा है। पिछले 10 दिनों में सोना 2,700 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 5,000 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो गई है। इसके बावजूद बाजार में खरीदार नहीं लौटे हैं। कारोबारियों का कहना है कि ग्राहक अभी भी कीमतों में और गिरावट की उम्मीद में खरीदारी टाल रहे हैं, जबकि निवेश के उद्देश्य से होने वाली खरीदारी लगभग थम गई है।
पिछले 10 दिनों में सोने का भाव 1,49,600 रुपये प्रति 10 ग्राम से घटकर 1,46,900 रुपये पर पहुंच गया है। वहीं चांदी 2,32,500 रुपये प्रति किलो से घटकर 2,27,500 रुपये प्रति किलो हो गई है। इसके बावजूद सराफा बाजार रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। कारोबारियों के मुताबिक लगातार गिरते दामों ने ग्राहकों को खरीदारी के बजाय इंतजार की स्थिति में ला खड़ा किया है। इसी वजह से बाजार की रौनक गायब है और कारोबारियों की उम्मीदों पर पानी फिर रहा है।
अमीनाबाद के सराफा कारोबारी व यूपी सराफा एसोसिएशन के महामंत्री रविंद्रनाथ रस्तोगी ने बताया कि बाजार उम्मीद के मुताबिक नहीं चल रहा है। दाम कम होने के बावजूद ग्राहक नहीं आ रहे हैं। खासकर निवेश के लिए खरीदारी करने वाले पूरी तरह गायब हैं। उन्होंने कहा कि शादी-ब्याह के लिए भी लोग एकमुश्त खरीदारी नहीं कर रहे, बल्कि जरूरत के मुताबिक थोड़ा-थोड़ा ही सोना-चांदी खरीद रहे हैं।
लखनऊ महानगर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष वर्मा ने बताया कि पिछले सप्ताह समाप्त हुआ शादी का सीजन भी कारोबारियों की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। बाजार में नकदी का प्रवाह कमजोर है, जिससे लोगों की खरीद क्षमता प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद भी पिछले वर्ष जैसा खरीदारी का उत्साह इस बार देखने को नहीं मिल रहा है।