राजाजीपुरम। ठाकुरगंज में जनरैलगंज के राधाग्राम स्थित फ्लैट में बृहस्पतिवार शाम फंदे से लटके मिले मार्बल कारोबारी मोहम्मद इमरान (42) के हाथ-पैर टेप से बंधे हुए थे। मुंह पर भी टेप चिपका हुआ था। घरवालों ने कारोबारी की हत्या कर शव पंखे से लटकाने की आशंका जताई है।
ठाकुरगंज के मुसाहिबगंज निवासी कारोबारी के बेटे फुजैल ने बताया कि बुधवार रात दस बजे पिता ने मां नेहा को दोस्तों के दिल्ली जाने की बात कही थी। फिर वह बाइक से निकल गए थे। देर रात पिता की कॉल मां के मोबाइल पर आई थी। पर वह और मां ध्यान नहीं दे सके। सुबह उठने पर मां को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पिता को कॉल की लेकिन उनका मोबाइल बंद जा रहा था। फुजैल ने बताया कि संदेह होने पर जब वह फ्लैट पहुंचे तो उन्हें पार्किंग में पिता की बाइक खड़ी मिली। फ्लैट में जाने पर पिता का शव लटका मिला। उन्होंने चचेरे भाई सुफियान को घटना की जानकारी दी थी।
कमरे में बिखरा पड़ा था सामान
सुफियान ने बताया कि उन्होंने चाचा के शव को नीचे उतारकर टेप हटाए और पुलिस को सूचना दी। कमरे का सारा सामान बिखरा पड़ा था। चाचा का एक मोबाइल बाथरूम में पड़ा था और दूसरा बिखरे सामान के बीच पड़ा था। दोनों मोबाइलों को फोरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया।
कंधे पर था नीला निशान
सुफियान ने बताया कि जब उन्होंने चाचा का शव नीचे उतारा तो उन्हें उनके कंधे पर नीला निशान दिखा। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो पता चला कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:20 बजे चाचा हेलमेट पहनकर फ्लैट में दाखिल हुए थे। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि अभी तक घरवालों ने कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में माैत का कारण हैंिगंग आया है। उनका हार्ट और विसरा सुरक्षित रखा गया है। फिलहाल पता लगाया जा रहा है कि फ्लैट का सामान कैसे बिखरा।
मोहम्मद इमरान की फाइल फोटो।