लखनऊ। बंथरा इलाके में बृहस्पतिवार को एक कीटनाशक दवा व्यवसायी संजीव गुप्ता अपनी दुकान से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद परिवारीजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि व्यवसायी की लोकेशन मिल गई है और जल्द ही उन्हें सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।
बंथरा बाजार निवासी संजीव गुप्ता उर्फ मोना (35) अपने घर पर ही गुप्ता पेस्टिसाइड नाम से कीटनाशक दवा और कृषि बीज की दुकान चलाते हैं। संजीव के बड़े भाई विनोद गुप्ता के मुताबिक, संजीव बृहस्पतिवार को दुकान पर बैठे थे और दोपहर करीब तीन बजे अचानक दुकान बंद कर कहीं चले गए। काफी देर तक जब संजीव नहीं लौटे तो उसे मोबाइल से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन दोनों मोबाइल बंद मिले। उन्होंने परिचितों व रिश्तेदारों के यहां खोजबीन शुरू की लेकिन देर शाम तक भी संजीव का पता नहीं चल सका। बाद में विनोद ने मामले की तहरीर बंथरा थाने पर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर संजीव का पता लगाना शुरू किया तो उनकी लोकेशन मध्य प्रदेश में मिली।
प्रभारी निरीक्षक बंथरा अजय प्रताप सिंह के मुताबिक, संजीव का पता लगाने के लिए उनके दोनों मोबाइल सर्विलांस पर लगाए गए तो देर शाम उनकी लोकेशन मध्य प्रदेश के उज्जैन में मिली है। लोकेशन के आधार पर वहां की पुलिस से संपर्क कर संजीव के परिवारीजनों को उज्जैन भेजा गया है। उधर सर्विलांस टीम भी बराबर संजीव के मोबाइल लोकेशन की निगरानी कर रही है। जल्द ही संजीव को सकुशल घर ले आया जाएगा।
--------------------------------
ट्रक व डाला में भिड़ंत, चालक फंसा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। विभूतिखंड शहीद पथ पर बृहस्पतिवार देर रात को ट्रक व डाला के बीच टक्कर हो गई। हादसे में डाला चालक फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को बाहर निकालने केलिए गैस कटर का प्रयोग किया। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत नाजुक बनी हुई है।
विभूतिखंड शहीद पथ पुल पर बीती रात डाले और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में डाला चालक सुलतानपुर निवासी सूरज फंस गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह डाले के आगे के हिस्से को काटकर चालक सूरज को घायल अवस्था में निकला। पुलिस ने उसको इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसको ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।