परिवहन निगम ने राजधानी से पूर्वांचल की ओर जाने वाली बसों को गोमतीनगर से चलाने का फैसला लिया है। इसके लिए विभूतिखंड स्थित निगम के वर्कशॉप पर बस अड्डा बनाया जाएगा, जो वडोदरा (गुजरात) के बस अड्डे जैसा होगा। यहां खूबसूरत छह मंजिला भवन में नीचे अत्याधुनिक सुविधाओं युक्त बस अड्डा और ऊपर शॉपिंग मॉल बनाया जाएगा।
परिवहन निगम ने बस अड्डे के निर्माण के लिए टेंडर निकाला है। गोमतीनगर में बस अड्डा बन जाने पर गोमतीनगर, इंदिरानगर, विकासनगर, चिनहट, सीतापुर रोड, जानकीपुरम, निशातगंज आदि इलाकों के लोगोें को पूर्वांचल जाने के लिए आलमबाग या कैसरबाग बस अड्डे नहीं जाना पड़ेगा।
पूर्वांचल एवं पश्चिमांचल की बसों का अलग-अलग संचालन करने के लिए परिवहन निगम ने आलमबाग और गोमतीनगर बस अड्डों को थ्री-पी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर विकसित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आलमबाग बस अड्डे को विकसित करने का काम मेसर्स शालीमार कॉर्पोरेशन को मिल चुका है।
इस बस अड्डे के विकसित हो जाने के बाद यहां से पश्चिमांचल की बसों का संचालन होगा, जबकि विभूतिखंड बस अड्डे से पूर्वांचल की बसें चलेंगी। सूत्र बताते हैं कि गोमतीनगर अड्डे के निर्माण की जिम्मेदारी भी शालीमार कॉर्पोरेशन को मिलने की उम्मीद है।