गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित हारमोनियम पार्क के पास एसयूवी सवार लोगों ने बस मालिक, उनके बेटे और चालक पर हमला किया। शोर मचाने पर आरोपी धमकाते हुए भाग गए। पीड़ित की तहरीर पर सोमवार रात पांच नामजद और नौ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
आजमगढ़ तहबरपुर स्थित लखमनपुर निवासी अनमोल राय के अनुसार, वह अपनी बस की सर्विस कराने लखनऊ आए थे। वे 13 जून को करीब 3:50 बजे बेटे यश राय के साथ बस देखने पहुंचे। तभी एसयूवी सवार आजमगढ़ के दोस्तपुर निवासी अभिषेक उपाध्याय, मऊ के कोपागंज निवासी अंकुर राय, मेहनगर निवासी राजीव त्रिपाठी, लखनऊ निवासी देवेश त्रिपाठी और हितेश सिंह अपने नौ साथियों के साथ वहां पहुंचे और लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर दिया। उनके साथ नौ अन्य अज्ञात साथी भी थे। यश राय और चालक अभिषेक यादव इस हमले में घायल हो गए। इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।