उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने कर्मचारियों की जेब भरने के लिए जनता की जेब काटने की तैयारी शुरू कर दी है। परिवहन निगम इसके लिए एक पैसा प्रति किमी बस सफर महंगा करने जा रहा है।
संभावना है कि अगस्त से यात्रियों को बढ़ा किराया चुकाना पड़ेगा।परिवहन निगम ने कर्मियों को बाकी महंगाई भत्ते की सात फीसदी किस्त का भुगतान शुरू कर दिया है। इससे प्रति माह 2.32 करोड़ रुपये का बोझ पड़ा है।
परिवहन निगम ने इसके लिए अगस्त से एक पैसा प्रति किमी साधारण एवं लग्जरी बस का किराया बढ़ाने का फैसला किया है। निदेशक मंडल से किराया बढ़ाने की मंजूरी लेने के लिए प्रस्ताव तैयार हो रहा है।
निदेशक मंडल की 21 जुलाई को होने वाली बैठक में प्रस्ताव की मंजूरी के बाद राज्य परिवहन प्राधिकरण को भेजा जाएगा। राज्य परिवहन प्राधिकरण की बैठक में मंजूरी की मुहर लगने के बाद किराया लागू होगा।