बख्शी का तालाब। सीतापुर हाईवे स्थित न्यू फौजी ढाबा के सामने शुक्रवार रात बाइक सवार मां-बेटे की रोडवेज बस से टक्कर हो गई। हादसे में राजकुमारी (55) की मौत हो गई, जबकि बेटा राममिलन गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक बीकेटी कैलाश दुबे ने बताया कि महिगांव के विशंभर खेड़ा निवासी राजकुमारी का दूसरा बेटा रामचरित फौजी ढाबे के सामने स्थित पारस अस्पताल में भर्ती है। शुक्रवार शाम वह बेटी सुंदरी के साथ उसे देखने आई थीं। रात आठ बजे राजकुमारी रोड पार कर दूसरी ओर डिवाइडर के पास बाइक लिए खड़े बेटे राममिलन के पास पहुंचीं। इसके बाद वह बाइक पर बैठने लगी। सुंदरी डिवाइडर पर खड़ी थी। इस बीच पीछे से आई तेज रफ्तार रोडवेज बस की राममिलन की बाइक से टक्कर हो गई, जिससे मां-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुंदरी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जमा हो गए। उधर, चालक बस लेकर भाग गया। पुलिस ने मां-बेटे को राम सागर मिश्रा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने राजकुमारी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। रामकुमारी के पति इदरीस रिक्शा चालक हैं। परिवार जानकीपुरम के रामपुर गांव में रहता है।