लखनऊ। काकोरी के डिघिया गांव में मंगलवार दोपहर सब्जी की क्यारी में बकरी घुसने का विरोध करना एक परिवार पर भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और लोहे की सरिया से घर के बाहर लगा बिजली मीटर तोड़ दिया और मुख्य गेट को भी क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया।
डिघिया गांव निवासी रिचा पांडे ने बताया कि उनके घर के बाहर उगाई गई सब्जियों को रुख्सार की बकरी ने चर लिया। विरोध करने पर रुख्सार के परिवार के अकील, लड्डन, खलील, जमील, हबीब सहित अन्य लोग पहुंचे और तोड़फोड़ की। इंस्पेक्टर सतीश चंद राठौर ने बताया की पीड़िता की तहरीर पर देर रात रिपोर्ट दर्ज कर अकील, लड्डन, खलील, जमील और हबीब को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।