लखनऊ। एलडीए की टीम ने बृहस्पतिवार को गोसाईंगंज व सैरपुर में करीब 100 बीघे में की जा रही 11 प्लॉटिंग पर हुए अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान विरोध का भी सामना करना पड़ा।
जोनल अधिकारी विराग करवरिया ने बताया कि गोसाईंगंज में न्यू जेल रोड स्थित ग्राम शिवलर, बलियाखेड़ा में सुरेश राठौर, राजेश वर्मा, अमरेंद्र यादव, पुष्पेंद्र सिंह, विजय मौर्या, अभिषेक सिंह, अनिल सिंह, सुधाकर त्रिवेदी, राम कीर्ति वर्मा 85 बीघे में अवैध तरीके से प्लॉटिंग कर रहे थे।
जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि सैरपुर के ग्राम-शेरपुर में मेसर्स नीलकंठ प्रॉपर्टीज की दो और सर्वेश यादव की 22 बीघे में कराई अवैध प्लॉटिंग के निर्माण पर कार्रवाई की गई। कुछ लोगों ने विरोध जताया, लेकिन प्रवर्तन टीम ने अभियान जारी रखा। सैरपुर में रैथा रोड पर 400 और 500 वर्गमीटर के दो अवैध व्यावसायिक निर्माण सील किए गए।