सांवापुर नेवादा गांव में हटाया गया अतिक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊंचाहार (रायबरेली)। तहसील क्षेत्र के सांवापुर नेवादा गांव में बुधवार को अतिक्रमण पर चाबुक चला। खलिहान, तालाब और बंजर जमीनों पर बने तीन नलकूप, दो मकान, दो कोठरी और एक चारदीवारी जमींदोज हो गईं।
लगभग एक वर्ष पहले जमीन की पैमाइश कर चिन्हांकन किया गया था। तहसील प्रशासन ने अवैध कब्जेदारों को कई बार चेतावनी दी थी, लेकिन कब्जे नहीं हट रहे थे। इस पर बुधवार को अतिक्रमण हटा दिया गया। वहीं, अतिक्रमण हटाने के दौरान चकरोड पर बनी तहसील के अधिवक्ता विमल शुक्ला के घर की चारदीवारी भी गिरा दी गई। नाराज अधिवक्ता आत्महत्या की धमकी देते हुए तहसील की पानी की टंकी पर चढ़ गए। हालांकि साथियों ने उन्हें नीचे उतार लिया। एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि सिर्फ अवैध कब्जों को ही ढहाया गया है।