लखनऊ। फर्जीवाड़ा कर जगुआर व बीएमडब्ल्यू जैसी करोड़ों की लग्जरी कारें फाइनेंस कराने के बाद खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के दो सदस्य पिछले सप्ताह दबोचे गए थे। उनके पास से बीएमडब्ल्यू व जगुआर जैसी महंगी कारें बरामद हुई थीं। इस मामले में चौक इलाके का बिल्डर फरार चल रहा है। पुलिस ने शुक्रवार को बिल्डर की बीएमडब्ल्यू कार हयात होटल के पास से बरामद दिखाई है। वहीं बिल्डर की तलाश में दबिश दी जा रही है। गिरोह ने कई प्रदेशों में फर्जीवाड़ा किया है और फाइनेंस कंपनियों को 2.75 करोड़ रुपये की चपत लगा चुका है। गिरोह का सरगना भी प्रकाश फूलचंद छाबड़ा एक रसूखदार बिल्डर है। उसे सीबीआई असम यूनिट ने गिरफ्तार किया था।
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक, टाटा मोटर्स फाइनेंस लि. आईडीएफसी के अधिकारी केके सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया था। ओमेक्स हाइट विभूतिखंड केफ्लैट नंबर 103 में रहने वाला प्रकाश फूलचंद्र छाबड़ा बिल्डर है। उसने बायोकेमिकल्स इंडस्ट्रीज प्रा. लि. व कई अन्य नामों से निजी कंपनी खोल रखी है। सभी में वह निदेशक केपद पर है। केके सिंह के मुताबिक, प्रकाश फूलचंद्र छाबड़ा बड़ा जालसाज है। उसने कई निजी वित्तीय संस्थानों से अलग-अलग नामों से लोन ले रखा है। उसके गिरोह में यूनिटी प्लाजा हुसैनाबाद निवासी रेहान अहमद और हसन मंजिल मॉडल हाउस कैसरबाग का शेख उर्फी अहमद शामिल थे। पुलिस ने इन दोनों को पिछले सप्ताह बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। इसकेबाद इस मामले में चौक के महमूदनगर निवासी बिल्डर माजिम खान का भी नाम सामने आया। पुलिस ने बिल्डर की तलाश शुरू की। लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
उर्फी से 12 लाख में खरीदी थी फर्जीवाड़े की कार
प्रभारी निरीक्षक विभूतिखंड चंद्रशेखर सिंह के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में चौक के महमूदनगर निवासी बिल्डर माजिम खान का नाम बताया था। माजिम ने कैसरबाग के हसन मंजिल निवासी शेख उर्फी से बीएमडब्ल्यू कार 12 लाख रुपये में खरीदी थी। उसे पता था कि यह कार फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक से लोन कराकर ली गई है। जानकारी होने के बाद भी उसने कार खरीद ली। फिर उसे लेकर कई रसूखदारों को प्रयोग करने के लिए देता रहा। पुलिस ने पिछले सप्ताह जब इसकी तलाश शुरू की तो वह लखनऊ से भाग गया। पुलिस ने कई ठिकानों पर दबिश दी। इसी बीच शुक्रवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि बीएमडब्ल्यू कार होटल हयात के पास खड़ी है। पुलिस, आरोपी बिल्डर की तलाश कर रही है।