लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी स्थित चंद्रा पैनोरामा सोसाइटी के निवासियों और बिल्डर के बीच सुरक्षा मानकों को लेकर विवाद गहरा गया है। चंद्रा पैनोरामा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने बिल्डर से फायर सेफ्टी, लिफ्ट, विद्युत सुरक्षा और अन्य सुरक्षा मानकों के पालन की जानकारी मांगी थी। बिल्डर की ओर से इसकी कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। इससे सोसाइटी में रह रहे सैकड़ों आवंटी चिंतित हैं।
आरडब्लूए पदाधिकारियों का कहना है कि यह जानकारी सीधे तौर पर निवासियों की सुरक्षा से जुड़ी है। हाल ही में देश में हुए कई दुखद अग्निकांडों को देखते हुए सुरक्षा मानक बेहद संवेदनशील विषय हैं। ऐसे में बिल्डर को सुरक्षा प्रमाणपत्र, लिफ्ट निरीक्षण रिपोर्ट और जल गुणवत्ता जैसी बुनियादी जानकारियां साझा करनी चाहिए। बिल्डर के जानकारी देने से स्पष्ट मना करने के बाद अब आरडब्लूए ने इस गंभीर मामले में जिला प्रशासन से सीधे हस्तक्षेप करने की मांग की है। एसोसिएशन जल्द ही जिला मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर पूरी सोसाइटी के सुरक्षा मानकों की किसी स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेगी।