जेवर एयरपोर्ट के आसपास भी बढ़ रहीं औद्योगिक गतिविधियां
उन्होंने जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास विकसित हो रहे औद्योगिक परिदृश्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में विभिन्न कंपनियां निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं को आगे बढ़ा रही हैं। ट्रैक्टर निर्माण समेत अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी कंपनियों की रुचि बढ़ रही है।
अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में जिलों में चल रही परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा होती है। सरकार की कोशिश है कि औद्योगिक विकास का लाभ केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश या एनसीआर तक सीमित न रहे, बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी निवेश पहुंचे।
हर जिले तक पहुंच रहा निवेश
अवनीश अवस्थी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश परियोजनाओं का विस्तार अलग-अलग जिलों तक हो रहा है। मिर्जापुर समेत कई क्षेत्रों में बड़े निवेश की संभावनाएं हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना है।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डे, औद्योगिक क्लस्टर और बेहतर लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मिलकर उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए मजबूत आधार दे रहे हैं। औद्योगिक विकास के इस मॉडल से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।