आईएसआई को बीएसएफ की गोपनीय सूचनाएं लीक करने के आरोप में दबोचे गए जवान अच्युतानंद मिश्र को रिमांड अवधि पूरी होने के एक दिन पहले ही शनिवार को न्यायिक अभिरक्षा में वापस जेल भेज दिया गया। एटीएस के मुताबिक जिस फेसबुक अकाउंट से अच्युतानंद समेत कुल 90 यूजर्स जुड़े पाए गए उनमे कई और अर्द्ध सैनिक बलों के सदस्य भी शामिल हैं।
एटीएस इनकी पड़ताल कर उनसे पूछताछ में जुट गई है। अभी तक छह से अधिक ऐसे यूजर्स की तलाश कर उनसे पूछताछ की गई। उनके अकाउंट जांचे जा चुके हैं। एटीएस अफसरों का कहना है कि फिलहाल इनके अकाउंट्स में कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई है।
पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा बनाए गए फेसबुक के इस फर्जी अकाउंट से इन 90 के अलावा कई अन्य को भी फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई है। इनका ब्योरा तैयार किया जा रहा है। एटीएस सभी 90 यूजर्स के खातों का पूरा ब्योरा हासिल नहीं कर सकी है।
सबकी आईडी प्राप्त कर उनके फोटो व निजी डाटा खंगालने में अभी समय लगेगा। सभी खातों की जांच हो जाने के बाद यह तय हो सकेगा कि किसी और के जरिए आईएसआई को देश की गोपनीय सूचना लीक की गई अथवा नहीं।