अखंडनगर (सुल्तानपुर) में तीन दिन पूर्व मामूली विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को गड़ासे से काट डाला। हत्या के बाद उसने भाई का सिर खेत में, जबकि धड़ तालाब में फेंक दिया। संदेह होने पर पुलिस ने बड़े भाई को हिरासत में लेकर शुक्रवार को पूछताछ की तो घटना का खुलासा हुआ। उसने हत्या की बात कुबूल की है।
जौनपुर जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी राकेश कुमार (39) पुत्र अभयराज का अपने बड़े भाई बृज कुमार से मामूली विवाद चल रहा था। तीन दिन पूर्व बृज कुमार ने अपने छोटे भाई राकेश कुमार को गड़ासे से काट डाला और सिर अखंडनगर थाना क्षेत्र के खुशामदपुर गांव के खेत में फेंक दिया। साथ ही खेत के पास ही स्थित तालाब में धड़ फेंककर फरार हो गया। शुक्रवार को खुशामदपुर गांव में बच्चों ने खेत में एक सिर पड़ा देखा। यह जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सीओ कादीपुर सुरेंद्र कुमार, एसओ अखंडनगर बेंचू सिंह यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सिर कब्जे में ले लिया। इस बीच रामपुर गांव से पहुंचे बृज कुमार ने सिर की पहचान अपने भाई के रूप में की। बातचीत के दौरान एसओ को बृज कुमार पर कुछ संदेह हुआ तो उससे पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में बृज कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई राकेश कुमार आए दिन उसे पीटता था। इसलिए उसने तीन दिन पूर्व छोटे भाई को गड़ासे से काट डाला। शव की शिनाख्त न हो सके इसलिए सिर को खेत में और धड़ को तालाब में फेंक दिया था। एसओ अखंडनगर बेंचू सिंह यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी शीला से बात हुई है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। पत्नी शीला हत्या का मुकदमा जौनपुर जिले के शाहगंज थाने में दर्ज कराना चाहती है।