घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर और मॉर्च्यूरी के बाहर खड़े पुलिसकर्मी।
लखनऊ। वजीरगंज के डालीगंज स्थित छत्ते वाले पुल के पास बुधवार रात तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आकर स्कूटी सवार देवर-भाभी गगन जोशी (25) और रेखा (32) की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर छोड़कर भाग गया। बाद में पुलिस ने आरोपी चालक को पकड़ लिया।
बाजारखाला के हैदरगंज निवासी गगन जोशी के भाई मिथुन के मुताबिक भाई पूजा-पाठ का काम करता था। उनके एक भाई की बेटी डालीगंज स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। बुधवार रात गगन और मिथुन की पत्नी रेखा दोनों अस्पताल भतीजी को देखने व उसे खाना देने स्कूटी से गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे दोनों बाइक से घर जा रहे थेे। डालीगंज छत्ते वाले पुल के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर की टक्कर गगन की स्कूटी से हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार देवर-भाभी सड़क पर गिरे और घिसटते हुए कुछ दूर तक चले गए। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर छोड़कर भाग निकला।
मौके पर पहुंची वजीरगंज पुलिस ने गगन व रेखा को ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि डंपर के नंबर की मदद से पुलिस ने कुछ ही देर में आरोपी चालक की पहचान करते हुए उसको हिरासत में ले लिया। परिजनों से मिलते ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौत की खबर घर पहुंची तो मचा कोहराम
सड़क हादसे में गगन और रेखा की मौत की खबर पुलिस से परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिखलते ट्राॅमा सेंटर पहुंचे। आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग पर घरवालों की पुलिस वालों से बहस भी हुई। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन भी दिया। परिजनों ने बताया कि गगन की सात माह पहले शगुन से शादी हुई थी। रेखा के पति मिथुन बावर्ची का काम करते हैं। रेखा की दो बेटियां हैं।
घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर और मॉर्च्यूरी के बाहर खड़े पुलिसकर्मी।