नशेड़ी बस चालकों पर अंकुश के लिए ब्रेथ एनलाइजर जांच शुरू
बस दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ब्रेथ एनलाइजर से ड्राइवरों की जांच सोमवार को शुरू कर दी गई। नए एमडी राजशेखर के आते ही विभाग सक्रिय हो गया और अभियान शुरू कर दिया गया। अधिकारियों को यह स्पष्ट कर दिया गया कि नशा कर बस चलाने वाले ड्राइवर किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
दरअसल, सोमवार देर रात चारबाग डिपो के एआरएम अमरनाथ सहाय ने सफेदाबाद के पास ड्राइवरों की चेकिंग का अभियान शुरू किया। इसकेअंतर्गत बसों के चालकों की ब्रेथ एनलाइजर से जांच करवाई गई। उन्होंने बताया कि करीब 20 बसों के चालकों की जांच हुई, जिसमें कोई भी नशे में नहीं मिला।
इस बाबत क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि यात्रियों की सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है कि चालक सामान्य स्थिति में बसों का संचालन करे। इसके लिए मुख्यालय की ओर से निर्देश दिए गए हैं। जिसमें हफ्ते में सातों दिन परिक्षेत्र के अलग-अलग रूटों पर ड्राइवरों की ब्रेथ एनलाइजर के जरिए अचानक जांच करवाई जाएगी। बसों की जांच के लिए सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को नामित किया गया है।