फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Madarsa Board Result : इस बार भी लड़कियों ने मारी बाजी, लड़के 47.83 और लड़कियां 52.17 फीसदी पास

Sat, 24 May 2025 01:17 AM IST
भूपेन्द्र सिंह अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं में इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी। इस बार लड़के 47.83 फीसदी तो लड़कियां 52.17 फीसदी पास हुईं। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मुंशी-मौलवी और आलिम की परीक्षाओं का रिजल्ट घोषित किया। 
विज्ञापन
मदरसा बोर्ड रिजल्ट 2025 - फोटो : Adobe Stock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मदरसा बोर्ड की सेकेंडरी (मुंशी-मौलवी) और सीनियर सेकेंडरी (आलिम) की परीक्षाओं में इस बार भी लड़कियों ने बाजी मार ली है। परीक्षाओं में लड़के 47.83 फीसदी पास हुए जबकि लड़कियां 52.17 फीसदी उत्तीर्ण हुई हैं। शुक्रवार को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने राज्य मंत्री दानिश अंसारी आजाद और मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार आरपी सिंह की मौजूदगी में सचिवालय के मुख्य भवन स्थित अपने कार्यालय में मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं का रिजल्ट जारी किया।

विज्ञापन


मदरसा शिक्षा परिषद की कामिल और फाजिल की डिग्री सुप्रीम कोर्ट से आसांविधानिक घोषित होने के बाद इस बाद परिषद ने सिर्फ सेकेंडरी (मुंशी-मौलवी) और सीनियर सेकेंडरी (आलिम) की परीक्षाएं संपन्न कराई है। परीक्षाओं के लिए पंजीकृत कुल 88082 परीक्षार्थियों में से 68423 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं थी। इनमें से 59983 परीक्षार्थी पास हुए जबकि 8440 परीक्षार्थी फेल हो गए। बोर्ड की परीक्षाओं में 31294 बालिकाओं ने सफलता हासिल कर बाजी मार ली। उनका प्रतिशत 52.17 रहा, जबकि परीक्षाओं में कुल 28689 छात्र सफल हुए, उनका प्रतिशत 47.83 रहा।

मुंशी-मौलवी और आलिम में भी छात्राएं रहीं अव्वल

मदरसा बोर्ड की मुंशी-मौलवी (सेकेंडरी) की परीक्षा में 49882 परीक्षार्थियों में 42439 परीक्षार्थी पास हुए हैं, इनमें से 21767 छात्राओं ने सफलता हासिल की। इनका प्रतिशत 51.29 रहा जबकि 20672 छात्र सफल हुए। उनका प्रतिशत 48.71 रहा। इसी तरह आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा में 18541 परीक्षार्थियों में 17544 परीक्षार्थी सफल हुए। इनमें 9524 छात्राएं उत्तीर्ण हुईं, उनका प्रतिशत 54.30 रहा। वहीं 8017 छात्रों ने परीक्षा में सफलता पाई। उनका प्रतिशत 45.70 रहा।

सेकेंडरी में मोहम्मद आकिब और शाजिया शमीम ने किया टॉप

मुंशी-मौलवी (सेकेंडरी) की परीक्षा में अमेठी के मोहम्मद आकिब ने 89.33 फीसद अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि लड़कियों में कुशीनगर की शाजिया शमीम 88.17 फीसद अंक हासिल कर छात्राओं में पहले स्थान पर रहीं जबकि प्रदेश में तीसरे नंबर पर रहीं। 

दूसरे नंबर पर कुशीनगर के फरहान रजा रहे, इन्होंने भी 89.33 फीसद अंक हासिल किए। 88.17 प्रतिशत अंक हासिल कर रामपुर की शहनाज जहां ने छात्राओं में दूसरा स्थान हासिल किया। इसी तरह कुशीनगर की शमशेरा खातून, शबाना अंसारी, नजीब आलम, गोलू सिददीकी, अमेठी के अहमद रजा और अयोध्या की मंतशा खातून ने टॉप टेन में जगह बनाई।

पहले स्थान पर रहे फुरकान अली और सदरुन निशा

आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा में मुदाराबाद के फुरकान अली 95 फीसद अंक हासिल कर प्रदेश में पहले स्थान पर रहे। दूसरे नंबर पर कुशीनगर की सदरुन निशा ने 94.80 फीसद अंक हासिल किए। झांसी के नोमान खान 93.80 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे। 

विज्ञापन


इसी तरह कुशीनगर के शहनवाज हुसैन, अमरोहा के सुलेमान खान, कुशीनगर की मेहनाज खातून, प्रतापगढ़ की शीरीन बानों, मिर्जापुर की उम्मे हबीबा, प्रयागराज के मोहम्मद हम्माद अजमल और झांसी के मोहम्मद रिहान रजा ने टॅाप टेन में जगह बनाई।

समाज के विकास के लिए सबसे बुनियादी चीज शिक्षा

सचिवालय मुख्य भवन स्थित कार्यालय में मदरसा बोर्ड का रिजल्ट जारी करते हुए अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा सबसे बुनियादी चीज है। हम पूरी तरह से मदरसों की शिक्षा के लिए संजीदा हैं। 

उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार का लक्ष्य है कि मदरसों में परंपरिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा पूरे वैज्ञानिक तरीके से दी जाए, ताकि मदरसों के छात्र मुख्यधारा में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि मदरसा पोर्टल बनाकर मदरसों की व्यवस्थाओं में पारदर्शिता लाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में कम्प्यूटर से अल्पसंख्यकों के मनोबल, चेतना और विश्वास में संचार हुआ है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें