तुलसीपुर (श्रावस्ती)। सड़क पारकर दुकान से सामान लेकर लौट रहे बालक को रविवार को तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने परिजनों संग मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची गिरंट पुलिस ने ग्रामीणों को हलका बल प्रयोग कर मौके से भगा दिया। वहीं, घटना के बाद बस सहित भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने तुलसीपुर के निकट घेरकर रोक लिया। खुद को घिरता देख चालक बस छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं, दूसरी तरफ हसनापुर के निकट रविवार शाम भिनगा-बहराइच फोरलेन पारकर रही बालिका को निजी बस ने रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया।
हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के ग्राम गौसपुर के नईबस्ती निवासी शिवम (8) पुत्र राजन रविवार को सड़क पारकर दुकान से सामान लेने गया था। लौटते समय जमुनहा से बहराइच जा रही निजी बस ने उसे रौंद दिया। बस का पहिया बालक के सिर पर चढ़ गया। जिसिसे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने परिवार के साथ सड़क पर जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं, इस दौरान घटना के बाद चालक रुका नहीं और बस लेकर भागने लगा। जिसे ग्रामीणों ने बाइक से पीछा कर सोनवा थाना क्षेत्र के तुलसीपुर के निकट घेरकर रोक लिया। इस दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
वहीं, घटना स्थल पर सड़क जामकर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को पुलिस ने समझा-बुझा कर वहां से हटाया। इस बीच कुछ लोग बांस आदि सड़कर पर रख कर दोबारा जाम करने का प्रयास करने लगे। जिन्हें पुलिस ने हलका बल प्रयाेग कर भगा दिया। इससे करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है।
वहीं, मामले में अज्ञात चालक के विरुद्ध मामला दर्जकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेजा गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष हरदत्त नगर गिरंट शैलकान्त उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परचून की दुकान पर जा रही थी सामान लेने
श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लालपुर महरी के मजरा लोनियनपुरवा निवासी इंदल परिवार सहित भिनगा-बहराइच फोरलेन स्थित हसनापुर में निसार अहमद के भट्ठे पर ईंट पाथने का काम करते हैं। रविवार शाम करीब तीन बजे उनकी पुत्री नेहा (8) सड़क पारकर परचून की दुकान से सामान लेने जा रही थी। जैसे ही वह फोरलेन पार करने लगी। तभी बहराइच से भिनगा आ रही निजी बस ने उसे रौंद दिया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित भागने लगा।
आसपास मौजूद भट्ठा मजदूरों की सूचना पर खरगौरा चौकी प्रभारी योगेंद्र बाबू ने बस को रोककर उसे कब्जे में ले लिया। जबकि चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। बालिका की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर हाल बेहाल है। प्रभारी निरीक्षक भिनगा भानु प्रताप सिंह का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर मामला दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।