लखनऊ। राजाजीपुरम सेक्टर-13 में शनिवार सुबह शीतला देवी वार्ड के भाजपा पार्षद अनूप कमल सक्सेना के घर के बाहर गोवंशीय पशु का सिर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिर को हटवा दिया।
पार्षद अनूप ने बताया कि कुछ दिन पहले से वह नगर निगम टीम के साथ अहमदाबाद में हैं। घर में पत्नी व अन्य परिजन हैं। शनिवार सुबह पत्नी ने घर का गेट खोला तो वह गोवंशीय पशु का सिर देखकर घबरा गईं। सूचना पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने नगर निगम कर्मियों से सिर को हटवा दिया।
इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि पार्षद व उनके घरवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पार्षद के घर के पास ही कूड़ा घर है। आशंका है कि वहीं से कुत्ते पशु का सिर खींच लाए होंगे। पिछले वर्ष भी एक पशु का कंकाल कूड़ा घर के पास मिला था। हालांकि, घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।