लखनऊ। समिट बिल्डिंग में मारपीट की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। शनिवार रात टॉनिक बार में बाउंसरों ने तीन युवकों की पिटाई कर दी। पीड़ितों ने विभूतिखंड थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी है।
विज्ञापन
चिनहट निवासी बलराम के मुताबिक वह दोस्त अभिषेक और शिवम के साथ वहां गए थे। उन्होंने 12 लोगों की ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। आरोप है कि बार पहुंचने पर बाउंसरों ने प्रति व्यक्ति 500 रुपये सुविधा शुल्क मांगा। ऑनलाइन बुकिंग पर्ची दिखाने के बावजूद उन्हें भीतर नहीं जाने दिया गया। विरोध पर बाउंसरों ने तीनों की पिटाई की, जिससे वे लहूलुहान हो गए। हमलावरों ने शिवम की चेन, पर्स और दो मोबाइल फोन छीन लिए। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।