लखनऊ। मलिहाबाद निवासी अरविंद की मेहनत और कमाई दोनों बाढ़ की भेंट चढ़ गईं। वह दाउदपुर में 24 सितंबर को शोभित सिंह के यहां बोरिंग करने आए थे। आधा काम पूरा हुआ था कि बारिश के कारण काम रोकना पड़ा। इसके बाद बाढ़ में पंपिंग सेट समेत अन्य सामान डूब गया। कुछ सामान पानी में बह गया, जबकि बचा हुआ इंजन और अन्य सामान सोमवार सुबह नाव के सहारे बाहर निकलवाया गया। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण बोरिंग भी खराब हो गई है। काम की मजदूरी भी फंस गई। बाढ़ के बाद से जो काम ठप रहा सो अलग।