महाराजगंज ड्रेन पुलिया की बाउंड्रीवाल से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त बोलोरो। संवाद
रायबरेली। रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे सड़क हादसे में लालगंज क्षेत्र के कटहरिन का पुरवा निवासी एक ही परिवार के पंकज पाल (30), दीपक पाल (28), अवधेश पाल (45) व चौथे पूरे शिवरतन मजरे ऐहार निवासी राघवेंद्र यादव (50) की मौत हो गई। सभी मृतक रेलवे में कार्यरत थे। हादसे में मुकेश पाल (37) , अंकुश पाल (15), प्रमोद कुमार (35) व बबलू पांडे की हालत गंभीर बनी हुई है।
लालगंज क्षेत्र के कटहरिन का पुरवा गांव से बृहस्पतिवार को बरात अमेठी जिले के फुरसतगंज गई थी। देर रात आठ बराती बोलेरो से घर के लिए निकले। तड़के तीन बजे रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर मालिनपुरवा के पास वाहन नय्या नाला (महराजगंज ड्रेन) के पुल की रेलिंग से टकरा गया। इससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी बरातियों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया। इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा झपकी के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है।