लखनऊ। घरेलू झगड़े के दौरान युवक ने अपनी पत्नी पर खौलता दूध उड़ेल दिया। हादसे में महिला का आधा चेहरा व कुछ अंग झुलस गए। आरोप है कि वह रातभर दर्द से कराहती रहीं, पर आरोपी ने अस्पताल नहीं जाने दिया। पीजीआई पुलिस ने सोमवार को केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तेलीबाग निवासी मोहिनी के मुताबिक पांच साल पहले उनकी शादी सोनू से हुई थी। वह नाजा मार्केट में कम्प्यूटर का काम करता है। उनका कहना है कि दूसरी बेटी होने के बाद से पति की प्रताड़ना बढ़ गई थी। पुलिस से शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो उसका दुस्साहस बढ़ गया।
मोहिनी के मुताबिक रविवार रात को भी किसी बात को लेकर पति विवाद करने लगा। विरोध पर चूल्हे पर चढ़ा दूध उनके चेहरे पर उड़ेल दिया। फिर लाठी से पीटा। इससे वह बेहोश हो गईं। कुछ देर बाद होश आने पर वह अस्पताल जाने लगीं तो आरोपी ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया। पुलिस को भी सूचना नहीं देने दी। अगले दिन सुबह मामले की जानकारी पर पड़ोसियों ने उन्हें बाहर निकाला। इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।