लखनऊ। गुडंबा की मायापुरी कॉलोनी निवासी पेट्रोल पंप कर्मचारी सत्यम चौहान (27) का शव बृहस्पतिवार देर रात फंदे से लटकता मिला। परिजनों ने उनकी दूसरी पत्नी व उसके दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। उधर, पुलिस मौत को आत्महत्या बता रही है।
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सत्यम मूल रूप से सीतापुर के थानगांव में नन्हे का पुरवा के रहने वाले थे। वह दूसरी पत्नी के साथ मायापुरी कॉलोनी में किराये पर रहते थे। भाई अनमोल ने बताया कि शुक्रवार सुबह मकान मालिक ने फोन कर बताया कि सत्यम का शव कमरे में दुपट्टे के सहारे लटक रहा है। खबर पाकर घरवाले भी पहुंचे।
सत्यम की दूसरी पत्नी ने बताया कि रात में दोनों में कहासुनी हुई थी। इसके बाद सत्यम ने उन्हें कमरे से बाहर कर दिया। सुबह दरवाजा नहीं खुला तो मकान मालिक को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया। अंदर सत्यम का शव लटक रहा था। अनमोल ने बताया कि सत्यम का पहली पत्नी से तलाक हो गया था। उससे उनका एक बेटा है, जो उनके साथ रहता है। सत्यम ने तीन माह पहले आर्य समाज मंदिर में दूसरी शादी कर ली थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है। डॉक्टरों ने विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा है। इंस्पेक्टर का कहना है कि परिजनों ने लिखित शिकायत नहीं दी है। आरोप की जांच चल रही है।